NHAI का एक्शन: दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेसवे के गड्ढों से मिलेगी निजात, मरम्मत की तैयारी पूरी
दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेसवे पर गड्ढों की समस्या से वाहन चालकों को जल्द राहत मिलेगी। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआइ) शुक्रवार से मुख्य मार्ग और सर्विस लेन पर मरम्मत कार्य शुरू करेगा।
-1792640010568_m.webp)
दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेसवे पर गड्ढे भरने का काम शुरू करेगा NHAI
HighLights
शुक्रवार से दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेसवे पर गड्ढे भरने का काम शुरू।
खांडसा, हीरो होंडा चौक जैसे मुख्य स्थानों पर मरम्मत होगी।
वाहन चालकों को राहत मिलेगी, दुर्घटनाओं का जोखिम कम होगा।
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेसवे और इसकी सर्विस लेन पर बने गड्ढों से परेशान वाहन चालकों को जल्द राहत मिलने की उम्मीद है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआइ) शुक्रवार से एक्सप्रेसवे की मरम्मत का कार्य शुरू करेगा। पहले चरण में जहां भी गड्ढे हैं, उन्हें भरने पर ध्यान दिया जाएगा।
खांडसा, हीरो होंडा चौक, शंकर चौक और इफको चौक के आसपास सहित कई जगह मुख्य मार्ग व सर्विस लेन पर गड्ढे बने हुए हैं। इससे जहां वाहनों की रफ्तार प्रभावित हाेती है वहीं हादसा होने की आशंका रहती है।
एक्सीडेंट का खतरा बढ़ जाता है
एक्सप्रेसवे पर रोजाना बड़ी संख्या में वाहन गुजरते हैं। ऐसे में सड़क पर बने गड्ढों के कारण वाहन चालकों को गति कम करनी पड़ती है। अचानक गड्ढा सामने आने पर वाहन अनियंत्रित होने और पीछे से आ रहे वाहनों के टकराने का खतरा भी बना रहता है। दोपहिया वाहन चालकों के लिए यह परेशानी और गंभीर हो जाती है।
दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेसवे पर गड्ढों की समस्या को दैनिक जागरण की ओर से कई बार प्रमुखता से उठाया गया। इसके बावजूद वाहन चालकों को लंबे समय से परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। अब एनएचएआइ ने मरम्मत कार्य शुरू करने की तैयारी की है। गड्ढे भरने के बाद मुख्य मार्ग और सर्विस लेन पर वाहनों की आवाजाही सुगम होने की उम्मीद है। साथ ही सड़क की खराब स्थिति के कारण होने वाली दुर्घटनाओं की आशंका भी कम होगी।
सर्विस लेन की भी होगी मरम्मत
मरम्मत के दौरान एक्सप्रेसवे के साथ सर्विस लेन पर बने गड्ढों को भी भरने पर ध्यान दिया जाएगा। इससे मुख्य मार्ग के अलावा सर्विस लेन का इस्तेमाल करने वाले वाहन चालकों को भी राहत मिलेगी। एक्सप्रेसवे से प्रतिदिन गुजरने वाले सेक्टर-40 निवासी रमेश सिंह एवं नरेश वर्मा कहते हैं कि दिन की बजाय रात में एनएचएआइ को काम करना चाहिए।
दिन में काम करने से एक्सप्रेसवे पर वाहनों का दबाव बढ़ जाता है। एनएचएआइ के परियोजना निदेशक भवनेश कुमार का कहना है कि शुक्रवार से मरम्मत का काम शुरू कर दिया जाएगा। कुछ दिनों के बाद एक्सप्रेसवे या सर्विस लेन पर कहीं भी गड्ढे दिखाई नहीं देंगे।
