दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेसवे पर थमी रफ्तार, रजोकरी और आया नगर बॉर्डरों पर लंबा जाम; सुबह से फंसे हजारों लोग
सीजेपी के प्रदर्शन के कारण दिल्ली-गुरुग्राम बॉर्डर पर पुलिस की सख्ती बढ़ गई है, जिससे रजोकरी और आया नगर सहित सभी बॉर्डरों पर लंबा जाम लग गया है।
-1791616000937_m.webp)
रजोकरी बॉर्डर पर लगा लंबा जाम। AI जनरेटेड
HighLights
सीजेपी प्रदर्शन के कारण दिल्ली-गुरुग्राम बॉर्डर पर सख्ती।
रजोकरी, आया नगर सहित सभी बॉर्डरों पर लंबा जाम।
पुलिस द्वारा वाहनों की सघन चेकिंग और पूछताछ।
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन को लेकर दिल्ली-गुरुग्राम बॉर्डर पर पुलिस की सख्ती बढ़ा दी गई है। सुबह के समय स्थिति सामान्य थी, लेकिन 9 बजे के बाद चेकिंग शुरू होते ही दबाव बढ़ गया और बॉर्डर पर लंबा जाम लग गया। रजोकरी बॉर्डर ही नहीं, आया नगर समेत सभी बॉर्डर पर यही स्थिति बनी हुई है।
दिल्ली पुलिस ने दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेसवे स्थित रजोकरी बॉर्डर पर बैरिकेडिंग कर रखी है। सुबह तक वाहनों की आवाजाही सामान्य थी और ट्रैफिक का दबाव नहीं था। रात में पुलिस ने कई बार बैरिकेडिंग कर गुजरने वाले लोगों से पूछताछ की और आईडी कार्ड चेक किए।
सघन चेकिंग अभियान शुरू
सुबह 9 बजे के बाद पुलिस ने सघन चेकिंग अभियान शुरू किया। हर वाहन को रोककर उसमें बैठे लोगों से पूछताछ की जा रही है और आईडी जांच के बाद ही दिल्ली की ओर जाने दिया जा रहा है।
-1791616140045.webp)
वहीं, सघन जांच के कारण वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं और लोगों को जाम से जूझना पड़ रहा है। गुरुग्राम से दिल्ली जाने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बॉर्डरों पर पुलिस की सख्त चेकिंग
दिल्ली और गुरुग्राम पुलिस ने रजोकरी के साथ-साथ आया नगर बॉर्डर, डूंडाहेड़ा बॉर्डर और अन्य एंट्री प्वाइंट पर भी कड़ा पहरा बैठा दिया है। पुलिस देख रही है कि कहीं लोग प्रदर्शन में शामिल होने तो नहीं जा रहे हैं।
इधर, सीजेपी से जुड़े नेताओं पर भी नजर रखी जा रही है। आम आदमी पार्टी से जुड़ी डॉ. सारिका भारद्वाज के सेक्टर-31 स्थित घर पर पुलिस पहुंची और उन्हें दिल्ली जाने से रोका।
उन्होंने वीडियो साझा कर कहा कि वह प्रदर्शन में नहीं, क्लीनिक जा रही हैं। फिर पुलिसकर्मी क्लीनिक तक साथ गए। वहीं, कांग्रेस और अन्य दलों के कई नेताओं को भी सीआईडी के फोन आए और उनके मूवमेंट की जानकारी ली गई।
