गुरुग्राम दमदमा झील के पानी से बनेगी बिजली, दो पहाड़ियों के बीच बनेगा डैम; THDC टीम ने किया सर्वे
गुरुग्राम की दमदमा झील को जल संचय और बिजली उत्पादन के नए केंद्र के रूप में विकसित करने की संभावनाएं तलाशी जा रही हैं, जिसके लिए झील के सामने बांध बनाने का प्रस्ताव है।

गुरुग्राम की दमदमा झील में बांध बनाकर बनेगी बिजली। फोटो: आर्काइव
HighLights
दमदमा झील के पास बांध बनाने का प्रस्ताव।
टीएचडीसी टीम ने बिजली उत्पादन की संभावनाएं तलाशी।
वर्षा जल संचय और सिंचाई के लिए पानी मिलेगा।
सतीश राघव, जागरण, सोहना। गुरुग्राम की दमदमा झील को जल संचय और बिजली उत्पादन के नए केंद्र के रूप में विकसित करने की संभावनाएं तलाशी जा रही हैं। झील के सामने स्थित दोनों पहाड़ियों के बीच बांध बनाने का प्रस्ताव है।
टिहरी हाइड्रो डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (टीएचडीसी) की टीम ने झील का निरीक्षण भी किया है। योजना सिरे चढ़ी तो वर्षा जल का संचय बढ़ने के साथ सोहना और नूंह क्षेत्र में सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध कराने का रास्ता भी खुल सकता है।
बांध से बढ़ेगा वर्षा जल संचय
करीब 75 एकड़ में फैली दमदमा झील में अरावली की लगभग तीन हजार एकड़ पहाड़ी क्षेत्र से बरसाती पानी पहुंचता है। फिलहाल इस पानी के समुचित संचय और प्रबंधन की चुनौती बनी हुई है। इसी को देखते हुए झील से पहले बांध बनाने का प्रस्ताव तैयार किया गया है।
योजना के अनुसार, गुरुग्राम और फरीदाबाद का बरसाती पानी इस बांध तक पहुंचाया जाएगा। बांध में अतिरिक्त पानी जमा होने पर उसका इस्तेमाल सोहना और नूंह क्षेत्र में सिंचाई के लिए किया जा सकेगा।
इसके साथ सीवर शोधन संयंत्र (एसटीपी) से शोधित पानी भी बांध तक पहुंचाने की योजना है। इसके लिए टनल या नाला बनाने के विकल्प पर विचार किया जा रहा है।
बिजली उत्पादन की संभावना भी तलाशेंगे
योजना में अब बिजली उत्पादन का पहलू भी जोड़ा गया है। केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल ने बांध के जरिए बिजली उत्पादन की संभावनाएं तलाशने के निर्देश दिए थे। इसके बाद ऋषिकेश से टिहरी हाइड्रो डेवलपमेंट कॉरपोरेशन की टीम दमदमा झील पहुंची और क्षेत्र का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के बाद बांध निर्माण और बिजली उत्पादन की संभावनाओं को लेकर आगे की प्रक्रिया पर काम किया जा रहा है। हालांकि, अभी यह प्रस्ताव शुरुआती स्तर पर है।
जापानी कंपनी ने दिए हैं चार विकल्प
गुरुग्राम-मानेसर विकास योजना करीब 502 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में फैली हुई है। इस पूरे क्षेत्र में बरसाती पानी की निकासी के लिए चार प्रमुख नाले हैं। इन नालों से पानी नजफगढ़ नाले के रास्ते यमुना तक पहुंचता है।
बरसाती पानी के बेहतर प्रबंधन के लिए गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) ने जापान की एक कंपनी को सलाहकार नियुक्त किया है। कंपनी ने पानी की निकासी और संचय के लिए चार विकल्प तैयार किए हैं।
इनमें गुरुग्राम से बरसाती पानी को सोहना और नूंह होते हुए पलवल के रास्ते यमुना तक पहुंचाने की योजना भी शामिल है। एक विकल्प दमदमा झील से जुड़ा हुआ है।
पहले भी बन चुकी है बांध और पर्यटन की योजना
जीएमडीए और वन विभाग की ओर से इस योजना को लेकर विस्तृत जानकारी जुटाई गई है। प्रस्ताव को केंद्रीय मंत्री एवं हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के समक्ष भी रखा जा चुका है।
मनोहर लाल के मुख्यमंत्री कार्यकाल के दौरान भी दमदमा झील के आसपास बांध बनाने और पर्यटन को बढ़ावा देने की योजना तैयार की गई थी, लेकिन वह आगे नहीं बढ़ सकी। अब नए प्रस्ताव में वर्षा जल संचय और सिंचाई के साथ बिजली उत्पादन की संभावनाओं को भी शामिल किया गया है।
यदि योजना आगे बढ़ती है तो दमदमा झील के पानी का उपयोग कई उद्देश्यों के लिए किया जा सकेगा।
यह भी पढ़ें- घर बैठे होगा डाक बीमा पॉलिसी का हर काम, 38,570 ग्राहकों को मिलेगा लाभ; गुरुग्राम मंडल में नया IMS लागू
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।