विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

घर बैठे होगा डाक बीमा पॉलिसी का हर काम, 38,570 ग्राहकों को मिलेगा लाभ; गुरुग्राम मंडल में नया IMS लागू

Published: Wed, 25 Nov 2026 06:00 PM (IST)

गुरुग्राम मंडल में डाक बीमा सेवाओं को डिजिटल किया गया है, पुराने मैककैमिश सॉफ्टवेयर की जगह अब इंश्योरेंस मैनेजमेंट सॉल्यूशन (आईएमएस) लागू हुआ है।

डाक विभाग की बीमा सेवाओं में डिजिटल बदलाव के साथ नया दौर शुरू। फोटो: सांकेतिक

डाक विभाग की बीमा सेवाओं में डिजिटल बदलाव के साथ नया दौर शुरू। फोटो: सांकेतिक

वरुण त्रिवेदी, गुरुग्राम। डाक विभाग की बीमा सेवाओं में डिजिटल बदलाव के साथ नया दौर शुरू हो गया है। पोस्टल लाइफ इंश्योरेंस (PLI) और रूरल पोस्टल लाइफ इंश्योरेंस (RPLI) से जुड़े कार्यों में इस्तेमाल होने वाले पुराने मैककैमिश सॉफ्टवेयर की जगह अब इंश्योरेंस मैनेजमेंट सॉल्यूशन (IMS) लागू कर दिया गया है।

बुधवार से शुरू हुई नई व्यवस्था से गुरुग्राम मंडल (गुरुग्राम-रेवाड़ी) के 38,570 पॉलिसीधारकों को बीमा संबंधी सेवाएं पहले से अधिक सरल और तेज मिलने की उम्मीद है।

बीमा सेवाओं का घर बैठे मिलेगा लाभ

अब पॉलिसीधारकों को बीमा संबंधी कार्यों के लिए बार-बार डाकघर के चक्कर लगाने से राहत मिलेगी। IMS के माध्यम से नई पॉलिसी लेने, प्रीमियम जमा करने, नामांकन में बदलाव, पता परिवर्तन, लोन, सरेंडर और दावा संबंधी प्रक्रियाओं को अधिक सुविधाजनक बनाया जाएगा।

नई व्यवस्था में कई सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध होंगी, जिससे ग्राहक घर बैठे बीमा संबंधी जानकारी प्राप्त करने और जरूरी कार्य कराने की सुविधा का लाभ ले सकेंगे।

डाक विभाग के अनुसार, पुराने सॉफ्टवेयर में विभिन्न प्रक्रियाओं के पूरा होने में कई दिन लग जाते थे। IMS के माध्यम से डाकघर स्तर पर होने वाले कई कार्यों का उसी दिन निपटान करने की व्यवस्था की गई है।

इससे ग्राहकों के समय और मेहनत की बचत होगी, साथ ही सेवाओं में पारदर्शिता भी बढ़ेगी।

38,570 पॉलिसीधारकों को मिलेगा लाभ

गुरुग्राम-रेवाड़ी मंडल में कुल 38,570 PLI और RPLI पॉलिसीधारक हैं। इनमें 24,682 से अधिक RPLI के ग्राहक हैं। पिछले वित्त वर्ष में मंडल में 4,118 से अधिक नई पॉलिसियां जारी की गई थीं।

मंडल में 61 उपडाकघर, 186 शाखा डाकघर और गुरुग्राम सदर बाजार में एक प्रधान डाकघर है। डिजिटल व्यवस्था का विस्तार ग्रामीण क्षेत्रों के बीमाधारकों के लिए भी सेवाओं को सुलभ बनाने में मददगार होगा।

डाक विभाग का उद्देश्य बीमा सेवाओं को डिजिटल माध्यम से अधिक सुलभ बनाना है। ऑनलाइन सेवाओं के विस्तार से पॉलिसीधारकों को जानकारी प्राप्त करने और बीमा संबंधी कार्यों के लिए समय की बचत होगी।

- पंकज कुमार मीना (आईपीओएस), प्रवर अधीक्षक डाकघर, गुरुग्राम मंडल

यह भी पढ़ें- गुरुग्राम के सोहना में कुप्रबंधन, करोड़ों ठेका देने के बावजूद कूड़े का ढेर, परेशान लोग


देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।