हरियाणा-यूके कारोबार को आज मिलेगी नई रफ्तार, गुरुग्राम में ‘ट्रेड ब्रिज’ पर उद्योग जगत से संवाद करेंगे CM सैनी
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी आज गुरुग्राम में 'हरियाणा-यूके ट्रेड ब्रिज' कार्यक्रम में उद्योग जगत से संवाद करेंगे। इसका उद्देश्य हरियाणा ...और पढ़ें

नायब सिंह सैनी, मुख्यमंत्री।
HighLights
मुख्यमंत्री नायब सैनी गुरुग्राम में 'हरियाणा-यूके ट्रेड ब्रिज' में होंगे शामिल।
हरियाणा और यूके के बीच व्यापार, निवेश को मिलेगी नई गति।
उद्योग जगत के प्रतिनिधियों से संवाद कर वैश्विक अवसर तलाशेंगे।
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। हरियाणा और यूनाइटेड किंगडम (यूके) के बीच व्यापार एवं औद्योगिक सहयोग को नई गति देने के उद्देश्य से आज ‘हरियाणा-यूके ट्रेड ब्रिज : अनलाकिंग ग्लोबल आपर्च्युनिटीज-2026’ कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।
सेक्टर-51 स्थित गुरुग्राम यूनिवर्सिटी में होने वाले कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों से संवाद करेंगे।
आयातक-निर्यातक का संयुक्त समागम
कार्यक्रम का आयोजन हरियाणा सरकार के विदेश सहयोग विभाग और ब्रिटिश डिप्टी हाई कमीशन, चंडीगढ़ के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। प्रदेश के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे।
वहीं, ब्रिटिश डिप्टी हाई कमिश्नर, चंडीगढ़ अल्बा स्मेरिग्लियो विशेष अतिथि के तौर पर कार्यक्रम में शामिल होंगी। कार्यक्रम में हरियाणा की वे कंपनियां हिस्सा लेंगी, जो यूके में कारोबार कर रही हैं।
साथ ही यूके की वे कंपनियां भी शामिल होंगी, जिनकी हरियाणा में औद्योगिक एवं व्यावसायिक मौजूदगी है। इसके अलावा हरियाणा के निर्यातकों, सेक्टरल एक्सपोर्ट एसोसिएशनों, औद्योगिक संगठनों और विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े उद्योग प्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया गया है।
निवेश और वैश्विक अवसरों पर केंद्रित सहयोग
कार्यक्रम का उद्देश्य हरियाणा और यूके के उद्योग जगत को एक मंच पर लाकर व्यापार, निवेश, निर्यात और कारोबारी साझेदारी की नई संभावनाओं पर विचार-विमर्श करना है।
इस दौरान दोनों पक्षों के बीच कारोबारी सहयोग बढ़ाने, निर्यात के नए अवसर तलाशने और निवेश को प्रोत्साहित करने से जुड़े विषयों पर चर्चा होगी। सरकार का प्रयास है कि ऐसे संवाद के माध्यम से हरियाणा की कंपनियों को वैश्विक बाजारों तक पहुंच बनाने के लिए नए अवसर उपलब्ध कराए जाएं।
