टोहाना में आधा घंटा हुई बरसात, फतेहाबाद में बूंदाबांदी, आज भी संभावना
जागरण संवाददाता फतेहाबाद मौसम विभाग ने आगामी 24 जुलाई तक मौसम परिवर्तनशील और बरसात

जागरण संवाददाता, फतेहाबाद :
मौसम विभाग ने आगामी 24 जुलाई तक मौसम परिवर्तनशील और बरसात होने की संभावना जताई थी। अब ऐसा देखने को भी मिल रहा है। बुधवार को जिले में रिकार्ड तोड़ 84 एमएम बरसात हुई तो अब तक सीजन की सबसे अधिक बरसात है। हालांकि बरसात होने के तीन से चार घंटे बाद पानी निकासी हो गई थी। वीरवार सुबह कुछ समय के लिए बादल रहे, लेकिन बाद में धूप निकल गई। तापमान में बढ़ोतरी हुई। लेकिन दोपहर को मौसम एक बार फिर बदल गया और काले बादल छा गए। यहीं कारण है कि टोहाना में करीब आधे घंटे तक झमाझम बरसात हुई। जिससे निचले क्षेत्रों में पानी भर गया। लेकिन राहत ये रही कि कुछ समय बाद बरसात बंद हो गई। ऐसे में देर शाम होते होते पानी निकासी हो गई। इसके अलावा जाखल खंड के कुछ गांवों में बरसात हुई।
फतेहाबाद शहर की बात करे तो दोपहर बाद बादल छाने के कारण कुछ क्षेत्रों में बूंदाबांदी हुई। लेकिन इतनी अधिक बरसात नहीं थी कि पानी भर जाए। इसके अलावा तापमान में आए परिवर्तन के कारण बुधवार की अपेक्षा वीरवार को तापमान में बढ़ोतरी हुई। वीरवार को अधिकतम तामपान 35 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो एक दिन की अपेक्षा चार डिग्री बढ़ा है। इसके अलावा न्यूनतम तापमान में कोई बढ़ोतरी नहीं हुई और 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। ये कहना है किसानों का
गांव भट्टूकलां के किसान रमेश कुमार, सुरेश कुमार, सुरजीत सिंह व विजय ने बताया कि अगले कुछ दिनों तक बरसात न आए तो ठीक है। एक दिन पहले इतनी अधिक बरसात हो गई थी कि फसलों में अब भी पानी पड़ा है। आगामी दिनों में अगर बरसात हो गई तो नुकसान अधिक होगा। किसानों ने बताया कि अगले तीन चार दिनों तक धूप भी ना निकले। अगर धूप निकलेगी तो पानी गर्म होने के साथ फसल खराब हो सकती है। जिले में अगले कुछ दिनों तक मौसम परिवर्तनशील रहेगा। ऐसे में किसान मौसम पर ध्यान रखे। पानी निकासी का प्रबंध अवश्य रखे ताकि जरूरत पड़ने पर इसका प्रयोग किया जा सके।
भीम सिंह, एसडीओ कृषि विभाग फतेहाबाद।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।