Haryana: भूना के चंदननगर में उधार में खाना न खिलाने पर होटल के कारिंदे पर लाठियों से हमला, हालत नाजुक
फतेहाबाद स्थित भूना कस्बा के चंदननगर में उधार में खाना न खिलाने पर होटल के कारिंदे पर लाठियों से हमला कर दिया। गंभीर अवस्था में कारिंदे का उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भूना से अग्रोहा रेफर किया गया है। जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
संवाद सूत्र, भूना : कस्बा का चंदन नगर एक बार फिर से दहशत से दहल गया है। यहां एक युवक द्वारा होटल के कारिंदे पर केवल इसी बात को लेकर लाठियों से हमला बोला गया, क्योंकि कारिंदे ने उधार में खाना खिलाने से मना कर दिया था। गंभीर अवस्था में कारिंदे का उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भूना से अग्रोहा रेफर किया गया है। जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
Ambala Weather: ठंड की थर्ड डिग्री रही जारी, बरसात ने मोड़ा मुंह, दो दिनों का यलो अलर्ट
उपतहसील कार्यालय के समक्ष मिलन होटल के संचालक पवन कुमार ने बताया कि चंदन नगर निवासी कृष्ण उर्फ कालिया नामक युवक कुछ दिन पूर्व उधार में खाना खाने के लिए होटल में आया था, लेकिन उसे उधार देने से मना कर दिया गया। 24 जनवरी को वह पुन: होटल में पहुंचा और सेवभाजी व तंदूरी रोटी का आर्डर किया।
जिस पर होटल संचालक पवन व कारिंदे संजय ने उधार में खाना परोसने से स्पष्ट इनकार कर दिया। आरोप है कि वीरवार रात्रि साढ़े सात बजे के करीब मिलन होटल का कारिंदा संजय जब बीड़ी लेने के लिए पास की दुकान पर गया तो पहले से ही ताक में बैठे कृष्ण ने संजय पर लाठियां बरसा दी। हमलावर कृष्ण ने लाठी संजय के मुंह पर दे मारी।
पिछले साल दिसंबर में एक युवक की हत्या भी इसी नगर में हुई थी
ज्ञात रहे कि गत 11 दिसंबर को भी इसी चंदन नगर में बीड़ी का बंडल उधार पर न देने की सूरत में 30-30 बदमाशों द्वारा छह मकानों पर पथराव कर दिया गया था। इस पथराव में दर्जनभर लोग घायल हुए थे, जिसमें मुकेश नामक युवक ने दम तोड़ दिया था। चंदन नगर में फैली गुंडागर्दी के खिलाफ सभी कस्बावासी एकजुट हुए और दो दिन तक भूना बंद रखा गया। न्याय की मांग की गई। जिसके बाद भूना पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपितों के खिलाफ धरपकड़ शुरू कर दी थी।
पुलिस के पास शिकायत आई है। इस मामले की गहनता से जांच की जा रही है। शहर में पुलिस की गश्त बढ़ाई गई है। बाइक से भी पुलिस रात व दिन के समय गश्त कर रही है। अनूप सिंह, थाना प्रभारी भूना।