दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर 12 लाख की लूट का मास्टरमाइंड निकला रैपिडो राइडर, फरीदाबाद पुलिस ने तीन को दबोचा
दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर 12 लाख रुपये की लूट के मामले में फरीदाबाद पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ...और पढ़ें

रैपिडो चालक निकला लूट का मास्टरमाइंड। सांकेतिक तस्वीर
HighLights
रैपिडो चालक मनोज 12 लाख की लूट का मास्टरमाइंड।
फरीदाबाद पुलिस ने तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार।
फरार दो अन्य लुटेरों की तलाश जारी, रकम बरामदगी पर जोर।
जागरण संवाददाता, फरीदाबाद। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस वे पर 12 लाख रुपये की लूट के मामले में पुलिस ने तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। जिस रेपिडो चालक पर भरोसा कर साथ चलने के लिए कहा गया, वही लूट का मास्टर माइंड निकला।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपितों की पहचान मनोज निवासी संजय कालोनी, नितेश निवासी जीवन नगर पार्ट-दो और गौतम निवासी पर्वतीय कालोनी के रूप में हुई है। मामले में शामिल दो अन्य आरोपित रवि और हरीश अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।
अज्ञात लोगों ने की थी लूट
सेक्टर-आठ थाने में दर्ज मुकदमे के अनुसार चावला कालोनी निवासी कारोबारी अंकित ने 12 अप्रैल को 12 लाख रुपये दिल्ली भिजवाने के लिए अपने कर्मचारी प्रहलाद को जिम्मेदारी सौंपी थी। प्रहलाद रैपिडो चालक मनोज के साथ बाइक पर सवार होकर पैसे लेकर निकला था।
कुछ देर बाद प्रहलाद का फोन आया कि एक्सप्रेसवे पर अज्ञात लोगों ने उससे लूट कर ली। पुलिस उसके बाद से मामले की जांच कर रही थी। जांच में सामने आया कि लूट कर रकम हड़पने के लिए रैपिडो चालक ने साजिश रची।
दरअसल, अंकित का कर्मचारी प्रहलाद पहले भी कई बार रैपिडो चालक मनोज के साथ पैसे लेकर दिल्ली जा चुका था और उसे पूरे रूट व प्रक्रिया की जानकारी थी। 11 अप्रैल को जब प्रहलाद ने उसे अगले दिन चलने की बात बताई, तभी मनोज ने अपने साथियों रवि, हरीश और गौतम के साथ मिलकर लूट की योजना बना ली।
घटना के दिन जैसे ही दोनों एक्सप्रेसवे पर पहुंचे, पीछे से दूसरी मोटरसाइकिल पर रवि, हरीश और गौतम आ गए। रवि ने चलती बाइक से ही मनोज की मोटरसाइकिल की चाबी निकाल ली, जिससे मोटरसाइकिल रुक गई। हरीश ने चाकू दिखाकर प्रहलाद से 12 लाख रुपयों से भरा बैग लूट लिया और सभी आरोपित मौके से फरार हो गए।
गुमराह करने के लिए दिखाई चालाकी
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपितों ने अपनी पहचान छिपाने के लिए चालाकी दिखाई। उन्होंने वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल को पीछे से आ रहे अपने एक अन्य साथी नितेश को सौंप दी और उसकी मोटरसाइकिल लेकर फरार हो गए, ताकि पुलिस को गुमराह किया जा सके।
मामले की जांच करते हुए अपराध शाखा सेक्टर-30 की टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय सूचना के आधार पर तीन आरोपितों को दबोच लिया। पूछताछ में आरोपितों ने पूरी साजिश का पर्दाफाश किया।
पुलिस ने आरोपितों को अदालत में पेश कर तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है, ताकि लूटी गई रकम की बरामदगी और फरार आरोपितों की गिरफ्तारी की जा सके। पुलिस का कहना है कि जल्द ही फरार आरोपितों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
