विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

औरैया में कोल्ड ड्रिंक कारोबारी से लाखों की लूट, पुलिस जांच में जुटी

Published: Sun, 19 Apr 2026 06:39 PM (IST)

औरैया में एक कोल्ड ड्रिंक कारोबारी बृजेश कुमार गुप्ता को बदमाशों ने निशाना बनाया। असेनी गांव के पास उनकी बाइक ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. कोल्ड ड्रिंक कारोबारी से बाइक में टक्कर मारकर लाखों की लूट।

  2. बदमाशों ने दो लाख से अधिक नकदी, लैपटॉप और दस्तावेज लूटे।

  3. पुलिस ने चार टीमें गठित कर सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू किया।

जागरण संवाददाता, औरैया। शुक्रवार देर शाम बदमाशों ने एक कोल्ड ड्रिंक कारोबारी को निशाना बनाते हुए उसकी बाइक में टक्कर मारकर लाखों रुपये से भरा बैग लूट लिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस जांच में जुटी है। कुछ स्थानों पर सीसी कैमरे की फुटेज खंगाली गई।

पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर बेला रोड निवासी कारोबारी बृजेश कुमार गुप्ता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह पेप्सी के डिस्ट्रीब्यूटर हैं और उनका गोदाम सहार कस्बे में स्थित है।

शुक्रवार शाम वह गोदाम से बाइक द्वारा अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही वह असेनी गांव के पास पहुंचे, पीछे से अपाचे बाइक सवार तीन युवकों ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी, जिससे वह गिर पड़े।

इसी दौरान बदमाश उनका बैग छीनकर दिबियापुर की ओर भाग निकले। पीड़ित के अनुसार बैग में दो दिन का कलेक्शन, करीब दो लाख रुपये से अधिक नकदी, लैपटाप, मोबाइल फोन तथा बाइक, ई-रिक्शा व पिकअप के जरूरी कागजात रखे थे। घटना के बाद वह किसी तरह पावर हाउस के पास पहुंचे और परिजनों को सूचना दी।

सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक पंकज मिश्र पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। एसपी अभिषेक भारती के निर्देश पर घटना के खुलासे के लिए स्पेशल आपरेशन ग्रुप समेत चार टीमें गठित की गई हैं। सहार से लेकर घटनास्थल तक लगे सीसी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

बताया जा रहा है कि घटनास्थल सहायल थाना क्षेत्र की सीमा से सटा हुआ है। आशंका है कि बदमाशों ने पुलिस को भ्रमित करने के लिए दोनों थाना क्षेत्रों की सीमा पर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।