विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दरभंगा में सोना लूटकांड में समस्तीपुर से पकड़े गए बदमाश की निशानदेही पर छह और लुटेरों की तलाश तेज

By Mukesh Srivastava Edited By: Dharmendra Singh
Published: Sun, 19 Apr 2026 10:14 PM (IST)

दरभंगा के प्रेम ज्वेलर्स लूटकांड में 15 गिरफ्तारियों के बाद भी पुलिस की जांच जारी है। समस्तीपुर से गिरफ्तार नितेश ...और पढ़ें

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।

जागरण संवाददाता, दरभंगा । नगर थाना क्षेत्र के बड़ा बाजार स्थित महथा सिंधी सदा मार्केट में तीन अप्रैल को दिनदहाड़े प्रेम ज्वेलर्स नामक थोक दुकान से दो करोड़ के आभूषण और 18 लाख नकदी की लूट में 15 की गिरफ्तारी के बाद भी पुलिस ने राहत की सांस नहीं ली है।

शनिवार को गिरफ्तार समस्तीपुर जिले के विद्यापतिनगर थानाक्षेत्र के गोपालपुर नितेश कुमार सिंह उर्फ लालू और मउ बाजार के आभूषण दुकानदार विकास कुमार सोनी से पूछताछ में कई अहम जानकारी मिली है।

जिस आधार पर वारदात में शामिल अन्य छह लोगों की खोज शुरू कर दी गई है। इसमें कुछ समस्तीपुर के हैं, जबकि, शेष बेगूसराय निवासी। थानाध्यक्ष अरविंद कुमार ने बताया कि पूछताछ में कई सफलता मिली है। इस आधार पर अन्य की खोज में छापेमारी जारी है। बहुत जल्द शेष आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

बताया कि लूट के आभूषण और नकदी की बरामदगी में भी सफलता मिली है। हालांकि, शेष की गिरफ्तारी नहीं होने से संपूर्ण की बरामदगी नहीं हो पाई है। इस दिशा में तेजी से कार्रवाई की जा रही है। उधर, पूछताछ के बाद शातिर बदमाश नितेश सहित आभूषण दुकानदार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

बता दें कि नितेश के घर मिट्टी खोदकर 2670 ग्राम चांदी का आभूषण बरामद किया गया था। जबकि, अराध्या ज्वेलर्स के मालिक विकास कुमार सोनी के दुकान से 2160 ग्राम चांदी के आभूषण जब्त किया गया।इन दोनों की गिरफ्तारी से पहले 13 आरोपितों की गिरफ्तारी और रिमांड पर लिया गया है।

इन लोगों के पास से अब तक 40-45 लाख के लूट के आभूषणों को बरामद किया गया है। इसमें उतर प्रदेश के आगरा से बेगूसराय जिले के नावकोठी थाना क्षेत्र के वृंदावन निवासी संदीप सिंह, उसकी मां उषा देवी सहित लाइनर लहेरियासराय थानाक्षेत्र के बेलबागंज के अभिषेक सोनी और कायस्त मोहल्ला निवासी ऋषिकेश सोनी, बेगूसराय जिले के मंसूरचक निवासी अविनाश कुमार और गौतम कुमार, भवानीपुर निवासी विक्की कुमार, बछवाड़ा थानाक्षेत्र के मंराची निवासी आर्यन कुमार, मुफस्सिल थाना क्षेत्र इनियार निवासी मुरारी सिंह और नावकोटी थानाक्षेत्र के वृंदावन निवासी दीपक कुमार शर्मा सहित मधुबनी जिले के भैरोस्थान थानाक्षेत्र के रूपौली निवासी पवन झा को गिरफ्तार किया गया था।

इसमें बेगूसराय जिले के बलिया थानाक्षेत्र के गोखलेनगर निवासी मंगल कुमार पुलिस मुठभेड़ में जख्मी हो गया था। वहीं दलसिंहसराय जेल में बंद गिरफ्तार संदीप के भाई भोला सिंह पूरी घटना की साजिश रची थी।