फरीदाबाद की नीमका जेल में कैदी पर खौलता तेल फेंका, चेहरा और आंख बुरी तरह झुलसी; दिल्ली रेफर
फरीदाबाद की नीमका जेल में एक कैदी ने मामूली कहासुनी के बाद दूसरे कैदी पवन के चेहरे पर खौलता तेल फेंक दिया। पवन का चेहरा और बाईं आंख बुरी तरह झुलस गई, जिसके बाद उसे दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर किया गया। इस घटना ने जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर फिर सवाल खड़े कर दिए हैं, खासकर एक महीने पहले हुई एक अन्य कैदी की हत्या के बाद।

नीमका जेल प्रबंधन की शिकायत पर सदर बल्लभगढ़ थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, फरीदाबाद। नीमका जेल के अंदर सुरक्षा व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में है। शनिवार रात मामूली कहासुनी के बाद एक कैदी ने दूसरे कैदी के चेहरे पर खौलता हुआ तेल फेंक दिया। इससे उसका चेहरा बुरी तरह झुलस गया और बाईं आंख भी 70 फीसद तक जख्मी हो गई। झुलसे कैदी को उपचार के लिए बादशाह खान नागरिक अस्पताल लाया गया, यहां से उसे सफदरजंग दिल्ली के लिए रेफर कर दिया गया। नीमका जेल प्रबंधन की शिकायत पर सदर बल्लभगढ़ थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है।
एक महीने में पहले ही हुई थी एक और हत्या
पुलिस आरोपित कैदी को पूछताछ के लिए प्रोडक्शन वारंट पर लेगी। एक महीने पहले भी इसी जेल में बंद गैंगस्टर अरुण चौधरी उर्फ अबू जाट ने उसके साथ बंद आतंकी अब्दुल रहमान का सिर पत्थर से कूचकर हत्या कर दी थी। अब ताजा घटनाक्रम में सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार झगड़े के मामले में बंद कैदी पवन शनिवार रात जेल के गलियारे में टहल रहा था।
खौलता तेल पवन के चेहरे पर फेंक दिया
इसी दौरान दूसरे कैदी सुमित के साथ उसकी कहासुनी हो गई। सुमित भी लड़ाई झगड़े के मामले में बंद है। दोनों के बीच पहले हाथापाई हुई। इस दौरान एक अन्य कैदी दाल में तड़का लगाने के लिए बैरक के बाहर गलियारे में भट्टी पर तेल गर्म कर रहा था। सुमित ने वही खौलता हुआ तेल पवन के चेहरे पर फेंक दिया। इसमें वह बुरी तरह झुलस गया। जेल के सुरक्षाकर्मियों ने दोनों को अलग किया। तेल गिरने से झुलसे पवन को पहले जेल के अस्पताल में ले जाया गया, यहां उसकी गंभीर हालत देखते हुए बादशाह खान नागरिक अस्पताल रेफर कर दिया।
पत्थर मारकर कर दी थी आतंकी की हत्या
12 फरवरी को जम्मू कश्मीर के गैंगस्टर अरुण चौधरी उर्फ अबू जाट ने उसके साथ चक्की में बंद आतंकी अब्दुल रहमान की पत्थर से सिर कूचकर हत्या कर दी थी। इस हत्या के बाद जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर प्रश्न चिन्ह लगा था। सरकार ने तत्कालीन जेल अधीक्षक हरेंद्र और उप अधीक्षक सचिन काैशिक को निलंबित कर दिया था।
कैदियों को दी जाती है भट्टी व कोयला
कोई कैदी अगर अपना खाना अलग बनाना चाहता है तो जेल में खाना गर्म करने के लिए कैदियों को भट्टी व कोयला दिए जाते हैं। इसके अलावा कैंटीन से उन्हें तेल, सब्जी व मसाले भी मिलते हैं। खाना पकाने के लिए बर्तन भी मिलते हैं। ज्यादातर कैदी जेल से मिलने वाली दाल में तड़का लगाने के लिए भट्टी लेते हैं।
यह भी पढ़ें- फरीदाबाद में बेटे के लव मैरिज पर गुस्साए पति ने पत्नी पर चलाई गोली, छोटे बेटे की शादी में मां ने दिया था न्योता
यह भी पढ़ें- 10 साल में दक्षिण हरियाणा में 2600 से अधिक अवैध कॉलोनियां, फरीदाबाद में सबसे ज्यादा 1017; HC को रिपोर्ट सौंपेगी ACB
यह भी पढ़ें- फरीदाबाद में खुलेआम उड़ रही ट्रैफिक नियमों की धज्जिया, दर्शक बनकर रह जाती है पुलिस
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।