यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 10, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
फरीदाबाद में बारिश से मौसम सुहाना, प्रशासनिक लापरवाही से सड़कों पर हुआ जलभराव
Faridabad Rains फरीदाबाद में बारिश होने से मौसम सुहाना हो गया है उमस भरी गर्मी से राहत मिली है खेत-खलिहान ...और पढ़ें

HighLights
- बारिश से तापमान गिरा, लोगों को गर्मी से मिली राहत
- सड़कों पर जलभराव और बिजली व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित
- रविवार सुबह आठ बजे तक जिले में हुई 47.5 मिलीमीटर वर्षा
फरीदाबाद, जागरण संवाददाता। औद्योगिक नगरी में रात को शुरू हुई वर्षा अगले दिन भी जारी रही। सुबह से हो रही वर्षा बीच में रुकी भी, पर दोपहर बाद फिर तेज हो गई। अब भी धीमी-धीमी वर्षा हो रही है।
वर्षा होने से मौसम सुहाना हो गया है, उमस भरी गर्मी से राहत मिली है, खेत-खलिहान के लिए वर्षा उपयोगी बताई जा रही है। इससे इतर प्रशासनिक लापरवाही से आम जनमानस के लिए परेशानियां खड़ी हो गई हैं। शहर की सड़कों पर जलभराव है और बिजली व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित है।

आधे शहर में रात से बिजली आपूर्ति ठप है। लंबे समय तक बिजली न होने से इनवर्टर भी ठप हो गए हैं। बिजली न होने से ट्यूबवेल नहीं चले और लोगों की मोटरें भी बंद हैं तो इस वजह से पेयजल की भी समस्या खड़ी हो गई है। लोगों के घरों में हाथ धोने तक का पानी नहीं है। जलजमाव के चलते एनएचसी रेलवे अंडरपास को भी बंद किया गया है।
आज भारत-पाकिस्तान के बीच है महामुकाबला
इधर वर्षा होने और दिल्ली में जी-20 सम्मेलन होने के कारण आवागमन प्रभावित होने की वजह से शहरवासियों ने रविवार की छुट्टी घर ही बिताने का निर्णय लिया। घर पर ही रहने की एक वजह और भी है कि आज एशिया कप क्रिकेट चैंपियनशिप में भारत-पाकिस्तान के बीच महामुकाबला है, पर बिजली न होने से लोग परेशान हैं।
लोग बिजली दफ्तरों के चक्कर काट रहे हैं और बिजली न होने की शिकायत दर्ज करवा रहे हैं। उन्हें यही उत्तर मिल रहा है कि वर्षा होने से लाइनें टूट गई हैं। जंपर टूट गए हैं। कई जगह लाइनों पर पेड़ गिर गए हैं।
वर्षा रुकने पर ही फाल्ट ढूंढ कर आपूर्ति सुचारू की जाएगी। जिला प्रशासन की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार रविवार सुबह आठ बजे तक जिले में 47.5 मिलीमीटर वर्षा हुई। सबसे ज्यादा वर्षा तिगांव तहसील में 62 एमएम हुई। शाम तक इन आंकड़ों में बढ़ोतरी होगी।
