Faridabad Crime News: अध्यापिका से दुष्कर्म करने की कोशिश, विरोध करने पर लोहे की रॉड से सिर फोड़ा
फरीदाबाद के छांयसा गांव में एक महिला अध्यापिका के साथ दुष्कर्म का प्रयास किया गया। विरोध करने पर आरोपित ने लोहे की रॉड से उसके सिर पर हमला कर गंभीर चोट पहुंचाई और जेठानी का मोबाइल तोड़ दिया। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपित की तलाश शुरू कर दी है।

जागरण संवाददाता, फरीदाबाद। थाना छांयसा क्षेत्र के एक गांव में महिला ने दुष्कर्म करने के प्रयास का विरोध किया तो आरोपित ने लोहे की राड मार कर उसका सिर फोड़ दिया। थाना पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर आरोपित के खिलाफ दुष्कर्म का प्रयास और मारपीट के आरोप में मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल, आरोपित फरार है। उसकी तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।
लेने के लिए गई थी पीने का पानी
इस संबंध में प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़िता ने थाना छांयसा पुलिस को शिकायत दर्ज कराई है। महिला ने पुलिस को बताया कि वह एक प्राइवेट स्कूल में अध्यापिका है। स्कूल की छुट्टियां पड़ी हुई हैं।
25 जून को सुबह नौ बजे वह और उसकी जेठानी खेत में मूंग तोड़ रही थी। वह अपनी जेठानी को खेत में छोड़कर ट्यूबवेल पर बने होदा में से पीने का पानी लेने के लिए गई थी। जाकर देखा तो ट्यूबवेल के कोठरे का ताला खुला हुआ था।
आरोपित पहले से ही था वहां मौजूद
वह जैसे ही अंदर ट्यूबवेल चलाने के लिए घुसी तो तभी वहां पर मौजूद गांव के ही रहने वाले राजकुमार ने पीछे से पकड़ कर उसके साथ दुष्कर्म करने का प्रयास किया। इस पर महिला ने शोर मचा दिया तो उसकी जेठानी मौके पर आ गई।
इसके बाद उन दोनों ने उसे भगाने की कोशिश की तो उस शख्स ने लोहे का सरिया लेकर महिला के सिर पर मार दिया। हमला इतना तेज और अचानक किया गया था कि महिला का सिर पर गंभीर चोट लग गई। साथ ही, हमलावर ने उसके पैरों पर भी जोरदार चोट मारी।
जेठानी का मोबाइल छीनकर तोड़ा
महिला अध्यापिका की जेठानी ने अपने मोबाइल से वीडियो बनाने की कोशिश की तो आरोपित ने उसका मोबाइल छीनते हुए उसे तोड़कर भाग गया।
इसके बाद आरोपित राजकुमार मौके से भाग गया उसकी जेठानी उसे स्कूटी पर अस्पताल लेकर गई। सरकारी अस्पताल में उसका उपचार किया गया।
थाना पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर आरोपित के खिलाफ दुष्कर्म का प्रयास और मारपीट के आरोप में मामला दर्ज कर लिया है। आरोपित फरार हो गया है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।