फरीदाबाद में बर्थडे मनाने यमुना किनारे पहुंचा छह दोस्तों का जत्था, पैर फिसलने से दो की डूबने से मौत
फरीदाबाद के किड़ावली गांव में यमुना नदी के किनारे जन्मदिन की पार्टी मनाने आए दो युवक डूब गए। दिल्ली के रहने वाले आयुष का जन्मदिन था जिसे मनाने के लिए वह दोस्तों के साथ आया था। पैर फिसलने से आयुष और धर्मेंद्र नदी में डूब गए। एसडीआरएफ की टीम उनकी तलाश कर रही है लेकिन अभी तक कोई पता नहीं चल पाया है।

प्रवीन कौशिक, फरीदाबाद। किड़ावली गांव में यमुना नदी किनारे जन्मदिन की पार्टी करने आए दो युवक डूब गए। उनके दोस्तों ने इसकी सूचना अपने स्वजन व पुलिस को दी। एसडीआरएफ की टीम दोनों युवकों को नदी में तलाश कर रही है लेकिन कोई पता नहीं चल सका है। स्थानीय भूपानी पुलिस की टीम भी नदी किनारे मौजूद है।
पुलिस के अनुसार दिल्ली के मीठापुर में रहने वाले आयुष का रविवार को जन्मदिन था। जन्मदिन मनाने के लिए वह अपने दोस्त धर्मेंद्र और छह अन्य के साथ फरीदाबाद के किड़ावली गांव आया हुआ था। इसी गांव किनारे यमुना नदी बहती है। सभी दोस्त नदी किनारे पार्टी करने लगे। केक काटा गया। इसके बाद कीचड़ में मस्ती कर रहे थे।
आयुष व धर्मेंद्र नदी किनारे नहाने जाने लगे, तभी उनका पैर फिसल गया और दोनों डूबने लगे। पानी का बहाव तेज था, इसलिए बाकी छह दोस्त कुछ न कर सके। चिल्लाने की आवाज सुनकर ग्रामीण आए लेकिन तब तक दोनों का कुछ पता नहीं चल सका। इसके बाद भूपानी थाना पुलिस को सूचित किया गया। पुलिस की टीम मौके पर आई।
यमुना में तेज बहाव की वजह से पुलिस कुछ न कर सकी। इसकी सूचना एसडीआरएफ की टीम को दी गई। टीम लगातार युवकों की तलाश में जुटी है। अब यमुना नदी का जल स्तर दो दिन और तेजी से बढ़ने का अलर्ट जारी कर दिया गया है। इसलिए युवकों को ढूंढने में अधिक परेशानी हो सकती है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।