Faridabad: पति-पत्नी में हुआ झगड़ा, महिला का संदिग्ध हालत में मिला शव; हत्या की आशंका
त्रिखा कालोनी में महिला का अपने मकान के अंदर संदिग्ध परिस्थितियों में शव पड़ा हुआ मिला। बुधवार को पति-पत्नी में झगड़ा हुआ था। इसलिए वह ड्यूटी नहीं गई ...और पढ़ें

बल्लभगढ़, जागरण संवाददाता। त्रिखा कालोनी में महिला का अपने मकान के अंदर संदिग्ध परिस्थितियों में शव पड़ा हुआ मिला। त्रिखा कालोनी में अलीगढ़ उत्तर प्रदेश का रहने वाला होशियार सिंह अपने दो बच्चों और पत्नी के साथ रहता है। दो बच्चे अलीगढ़ में रहते हैं।
बुधवार को पति-पत्नी में हुआ झगड़ा
होशियार रेहड़ी पर सब्जी बेचने का काम करता है और उसकी 34 वर्षीय पत्नी बबीता आईएमटी में किसी उद्योग में नौकरी करती थी। बुधवार को पति-पत्नी में झगड़ा हुआ था। इसलिए वह ड्यूटी नहीं गई थी। सुबह दोनों बच्चे स्कूल चले गए।
नाक-कान से बह रहा था खून
दोपहर बाद जब वे स्कूल से छुट्टी होने के बाद घर लौटे, तो उनकी मां घर के अंदर मृत अवस्था में पड़ी हुई मिली। उनके नाक-कान से खून बह रहा था। होशियार सिंह घर पर नहीं था और उसका फोन भी बंद जा रहा था। इसके बारे में महाराजा अग्रसेन पुलिस चौकी को सूचना दे दी।
सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए बादशाह खान अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया। पुलिस को हत्या की आशंका है। चौकी इंचार्ज प्रदीप कुमार का कहना है कि इसके बारे में उनके स्वजन को अलीगढ़ उत्तर प्रदेश भी सूचना दे दी है। स्वजन के आने के बाद कार्रवाई की जाएगी और पोस्टमार्टम कराया जाएगा।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।