Faridabad Floods: चांदपुर में बन रहे तालाब तक पहुंचा यमुना का बढ़ा हुआ जलस्तर, लोगों में डर का माहौल
फरीदाबाद में मानसून के दौरान यमुना के अतिरिक्त पानी को संरक्षित करने के लिए चांदपुर गांव में तालाब बनाया जा रहा है। यमुना का जलस्तर बढ़ने से अधिकारियों को उम्मीद है कि भूजल स्तर में सुधार होगा। एफएमडीए द्वारा भूमि का अधिग्रहण किया गया है और पंचायती जमीन की खोज जारी है जिससे आसपास के क्षेत्रों में जल स्तर बढ़ेगा।

जागरण संवाददाता, फरीदाबाद। मानसून में यमुना नदी के अतिरिक्त पानी का संरक्षण करने की योजना के तहत चांदपुर गांव में तालाब बनाने के लिए खोदाई का काम चल रहा है। इसी जगह यमुना के बढ़े हुए जल स्तर का पानी पहुंच गया है। इससे अधिकारियों ने राहत की सांस ली है।
अब अधिकारियों को अपनी योजना सफल होती नजर आ रही है। हालांकि अभी तो जहां तालाब बनाया जाना है, वहां सात मीटर गहराई तक खोदाई की जाएगी। इसलिए पूरी उम्मीद है कि मानसून में यदि यमुना का जलस्तर अधिक भी नहीं बढ़ा तो भी इस तालाब तक पानी आ जाएगा।
रविवार को फरीदाबाद महानगर विकास प्राधिकरण के एसडीओ जितेंद्र सिंह अपनी टीम के साथा मौका मुआयना करने गए थे। लेकिन इस बढ़े हुए जल स्तर में खोदाई कर रही अर्थमूवर सहित अन्य मशीनरी भी फंस गई है। यदि और जल स्तर बढ़ा तो मशीनरी को नुकसान हो सकता है। याद रहे फरीदाबाद महानगर विकास प्राधिकरण यमुना नदी किनारे गांव में तालाब बनाएगा। इन तालाबों में ही यमुना का अतिरिक्त पानी आएगा।
इससे भूजल स्तर पर असर पड़ने की पूरी उम्मीद है। जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी गांव में पंचायती जमीन दिलाएंगे। यहां तालाब की खोदाई करने से लेकर यमुना का पानी पहुुंचाने का सारा खर्च प्राधिकरण वहन करेगा। इस योजना से न केवल इन गांव को बल्कि सटे हुए अन्य गांव का भूजल स्तर बढ़ेगा। इसका सीधा असर यमुना नदी किनारे लगे हुए रेनीवेल पर भी पड़ेगा।
हर बार वर्षा के दौरान यमुना नदी का जलस्तर बढ़ जाता है। हर साल पानी बहकर आगे निकल जाता है। इसलिए इस पानी का सदुपयोग करने की योजना है। जिले में करीब 40 किलोमीटर तक यमुना नदी बहती है। इस योजना के तहत चांदपुर गांव की 15.29 एकड़ जमीन प्राधिकरण ने खरीद ली है। इसकी एवज में भुगतान किया जा चुका है। अब यहां प्राधिकरण तालाब बनाने के लिए खोदाई कर रहा है।
अब यमुना नदी किनारे बसे हुए गांव में पंचायती जमीन की तलाश जोर-शोर से की जा रही है। इस जमीन पर बड़े और गहरे तालाब बनाए जाएंगे। तालाब ऐसी जगह बनेंगे, जहां यमुना नदी के बढ़े हुए जलस्तर का पानी आसानी से आ सके।
यमुना नदी के पानी को संरक्षित करना बेहद जरूरी है। क्योंकि इस पानी को संरक्षित करते ही भूजल स्तर पर इसका असर पड़ेगा। चांदपुर में सात मीटर गहरा तालाब बनाया जाएगा। सालभर पानी जमा रहेगा तो आसपास का जलस्तर भी बढ़ा रहेगा। - विशाल बंसल, मुख्य अभियंता, एफएमडीए
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।