Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    फरीदाबाद में यमुना का जलस्तर घटने के बाद भी बिजली आपूर्ति बाधित, इस दिन तक शुरू हो जाएगा रेनीवेल

    Updated: Sat, 06 Sep 2025 01:50 PM (IST)

    फरीदाबाद में यमुना नदी का जलस्तर घटने से राहत की उम्मीद जगी है हालांकि तीन रेनीवेल अभी भी बंद हैं जिससे 30 एमएलडी पानी की आपूर्ति प्रभावित है। ये रेनीवेल कनवारा कबूलपुर और लालपुर में हैं। अधिकारियों का कहना है कि रविवार सुबह तक रेनीवेल चालू हो सकते हैं। बिजली आपूर्ति बहाल होने और मशीनरी की जांच के बाद रेनीवेल को शुरू करने की तैयारी है।

    Hero Image
    फरीदाबाद में यमुना नदी का जलस्तर घटने से राहत की उम्मीद जगी है। फाइल फोटो

    जागरण संवाददाता, फरीदाबाद। यमुना नदी का जलस्तर घटने लगा है, लेकिन तीन रेनीवेल अभी भी बंद हैं। तीनों के अंदर और बाहर पानी ही पानी दिखाई दे रहा है। यहां तक ​​कि इन तक जाने वाली सड़क भी पानी से भरी हुई है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    फरीदाबाद महानगर विकास प्राधिकरण के अधिकारी दावा कर रहे हैं कि रविवार सुबह तक रेनीवेल चालू हो सकते हैं। तीनों रेनीवेल बंद होने से 30 एमएलडी आपूर्ति प्रभावित हुई है। इससे शहरवासी परेशान हैं। ये रेनीवेल कनवारा, कबूलपुर और लालपुर में हैं। तीनों यमुना नदी की तलहटी में बने हैं। इसलिए जब भी बाढ़ आती है, तो तीनों जलमग्न हो जाते हैं।

    रेनीवेल से लाइन नंबर चार और आठ को पेयजल आपूर्ति की जाती है। इससे मुख्य रूप से बल्लभगढ़, सैनिक कॉलोनी और आसपास का क्षेत्र प्रभावित हो रहा है। गनीमत रही कि बाकी 19 रेनीवेल काम कर रहे हैं।

    इन सभी की चारदीवारी तक यमुना का पानी पहुंच गया था, लेकिन अंदर प्रवेश नहीं कर सका। इसलिए आपूर्ति प्रभावित नहीं हुई। अन्यथा पूरे शहर के लिए पेयजल संकट पैदा हो सकता था। आज बिजली चालू हो जाएगी

    बंद पड़े रेनीवेल की बिजली आज देर शाम तक चालू हो जाएगी क्योंकि जलस्तर लगातार कम होने की आशंका है। ऐसे में रेनीवेल की ओर जाने वाले रास्तों से पानी निकाला जाएगा। यहाँ बिजली के खंभे लगे हैं। खतरे को देखते हुए यहाँ बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई थी। यहां बने एक बूस्टिंग स्टेशन को भी बंद कर दिया गया है। इसे भी चालू कर दिया जाएगा।

    यमुना नदी के किनारे मोठूका, घरौड़ा, मंझावली, कनवारा, भूपानी, ददसिया, कबूलपुर गाँवों में रेनीवेल लगे हैं। 150 से ज़्यादा ट्यूबवेल से पानी आता है। इनसे 200 एमएलडी से ज़्यादा पानी आता है। 2023 में आई बाढ़ के कारण सभी रेनीवेल पानी में डूब गए थे।

    कई दिनों तक पेयजल आपूर्ति प्रभावित रही थी। प्राधिकरण के एसडीओ जितेंद्र सिंह ने बताया कि जलस्तर कम होने से राहत मिलने की उम्मीद है। हमारी टीम तैयार है। पानी निकलते ही मशीनरी की जाँच की जाएगी और रेनीवेल चालू कर दिया जाएगा।

    comedy show banner
    comedy show banner