Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    फरीदाबाद में भीषण गर्मी से जनजीवन प्रभावित, चिलचिलाती धूप में लोगों का घरों से निकलना मुश्किल

    फरीदाबाद में भीषण गर्मी से जनजीवन प्रभावित है। चिलचिलाती धूप में लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया है। बाजार सुनसान हैं और कूलर-एसी भी बेअसर हैं। मौसम विभाग ने शनिवार को भी गर्मी की चेतावनी दी है। गर्मी के कारण बीमारियों का खतरा बढ़ गया है इसलिए स्वास्थ्य विभाग सावधानी बरतने की सलाह दे रहा है। रविवार से राहत मिलने की उम्मीद है।

    By Jagran NewsEdited By: Sonu Suman Updated: Fri, 13 Jun 2025 06:02 PM (IST)
    Hero Image
    गर्मी का सितम जारी, घरों से निकलना हुआ दूभर।

    जागरण संवाददाता, फरीदाबाद। भीषण गर्मी से लोग बेहाल हैं। सुबह से ही चिलचिलाती धूप के कारण लोगों का घरों से निकलना दूभर हो गया। दोपहर के समय बाजारों और सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहता है। घरों के अंदर कूलर एसी फेल हो गए हैं। पंखे गर्म हवा दे रहे हैं। मौसम विभाग का अनुमान है कि शनिवार को भी गर्मी का सितम जारी रहेगा।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    शुक्रवार को दिनभर धूप झुलसाती रही। लोग खुद को कपड़ों से ढक कर गर्मी से बचाव का प्रयास करते दिखे। इंसानों के साथ-साथ पशु-पक्षी भी बेहाल हैं। गर्मी से बचाव के लिए लोग ठंडे पेय पदार्थों का सहारा ले रहे हैं। गर्मी का सितम लोगों के स्वास्थ्य पर भी भारी पड़ रहा है। सर्दी-जुकाम, बुखार और वायरल के मरीजों की संख्या में इजाफा हो रहा है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

    रविवार से राहत के आसार

    शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 31.1 और अधिकतम तापमान 42.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को जिले का न्यूनतम तापमान 31 और अधिकतम तापमान 42 डिग्री हाे सकता है। रविवार से मौसम में परिवर्तन होने की संभावना जताई गई है। रविवार और सोमवार को वर्षा हो सकती है। इसके बाद अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी।

    गर्मी ज्यादा होने के कारण डायरिया, उल्टी-दस्त, तेज बुखार और वायरल के मरीज बढ़ रहे हैं। इस मौसम में सभी को अपना ख्याल रखने की आवश्यकता है। बच्चों को बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें। शरीर को ढककर घर से बाहर निकले। हाइड्रेट रहें और ठंडी तासीर वाली चीजों का सेवन करें। - डॉ. राजीव चौधरी, एसएसबी अस्पताल

    ऐसे बरतें सावधानियां

    -धूप से आने के बाद शरीर का तापमान बढ़ा हुआ रहता है, अचानक ठंडा पानी पीने से आप बीमार पड़ सकते हैं। बाहर से आने के पांच मिनट के बाद ठंडे पानी का सेवन करें।

    -शरीर को ढककर घर से बाहर निकलें। अपने साथ पानी या फिर ओआरएस (ओरल रिहाइड्रेशन साल्यूशन) और नींबू पानी का घोल लेकर निकले।

    -जरूरत न होने पर दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचे। इस दौरान सबसे ज्यादा गर्मी होती है। शाम को शापिंग इत्यादि कार्य कर सकते हैं।

    -दुकानों पर जूस पीने की बजाय फलों का सेवन करें। क्योंकि इन दिनों संक्रमण का खतरा भी अधिक हो जाता है।

    -इस मौसम में सबसे ज्यादा बच्चों और बुजुर्गों का ख्याल रखने की आवश्यकता होती है। बच्चों को धूप में खेलने से बचाएं।