फरीदाबाद में मिट्टी में मिल गए 140 मकान, सोमवार को भी होगी बुलडोजर कार्रवाई; लोगों में हड़कंप
फरीदाबाद में जलभराव की समस्या से निपटने के लिए नगर निगम ने अवैध निर्माणों को तोड़ने का अभियान शुरू किया। बड़खल फ्लाईओवर के नीचे नाले की जमीन पर बने 140 मकान तोड़े गए। उपायुक्त के आदेश पर हुई इस कार्रवाई का लोगों ने विरोध भी किया। तोड़फोड़ में चार गोवंश की मौत पर भी लोगों ने नाराजगी जताई है। अभी 70 और मकानों पर कार्रवाई होनी है।

जागरण संवाददाता, फरीदाबाद। जलभराव का मुख्य कारण बने अवैध निर्माणों को नगर निगम ने तोड़ना शुरू कर दिया है। यह निर्माण पिछले काफी समय से बनी हुए थे। बड़खल फ्लाईओवर के नीचे नाले की जमीन पर बने 140 मकानों को नगर निगम प्राधिकरण के दस्ते ने तोड़ दिया।
इन सभी लोगों को दाे दिन पहले ही नोटिस देकर घर खाली करा लिए गए थे। अर्थमूवर की मदद से शनिवार को कार्रवाई को अंजाम दिया गया। सप्ताहभर पहले जिला उपायुक्त ने इसी जगह का निरीक्षण किया था। यह नाला सेक्टर-21ए से होकर बड़खल पुल के नीचे से निकलता है।
जिला उपायुक्त ने यहां नाले पर बहुत अधिक मकान बने हुए देखकर नगर निगम को कार्रवाई का आदेश दिया था। अवैध निर्माण करने वालों ने पूरे नालों को ही घेर लिया और मकान बना लिए। इस वजह से नाले की सफाई नहीं की जाती थी।
वर्षा आने पर नाले का पानी बैक मारकर सेक्टर-21ए सहित आसपास के सेक्टरों में जमा रहता था। कई-कई दिन तक पानी नहीं निकल पाता था। इसलिए अब इन अवैध निर्माणों को हटाना शुरू कर दिया है। नगर निगम के कार्यकारी अभियंता महेंद्र सिंह ने बताया कि फ्लाईओवर के नीचे नाले पर बने हुए 140 मकान ढहा दिए गए है।
अभी भी 70 मकान बाकी है। जिन पर सोमवार को कार्रवाई की जानी है। सोमवार को फिर से तोड़फोड़ की कार्रवाई की जाएगी। तोड़फोड़ की कार्रवाई के विरोध में लोगों ने सड़क जाम करने का भी प्रयास किया गया। लेकिन भारी पुलिस बल होने के कारण जाम अधिक देर तक टिक नहीं सका।
तोड़फोड़ में चार गोवंश की हो गई थी मौत
निगम के तोड़फोड़ दस्ते ने बाटा चौक के आसपास ग्रीनबेल्ट पर बनी गौशाला में शुक्रवार को तोड़फोड़ की थी। इस तोड़फोड़ के दौरान चार गोवंश की भी मौत हो गई थी।
इस पर लोगों ने काफी नाराजगी जताई थी। गोवंश प्रेमी दीपक का कहना है कि गोवंश की मौत के आरोप में निगम अधिकारियों के खिलाफ मामला दर्ज करवाएंगे।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।