लिव-इन पार्टनर ने बच्चे की गला दबाकर की हत्या, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
फरीदाबाद के सारन क्षेत्र में एक महिला के लिव-इन पार्टनर ने उसके चार साल के बच्चे की गला दबाकर हत्या कर दी। महिला के अनुसार वह काम से बाहर गई थी और लौटने पर बच्चे को मृत पाया। उसने अपने लिव-इन पार्टनर पर हत्या का आरोप लगाया है जिसके खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच जारी है। आरोपी की तलाश की जा रही है।

जागरण संवाददाता, फरीदाबाद। फरीदाबाद के सारन थाना क्षेत्र के संजय एन्क्लेव में एक महिला के लिव इन पार्टनर ने उसके चार साल के बच्चे की गला दबाकर हत्या कर दी। घटना के समय महिला किसी काम से बाजार गई थी।
जब वह वापस आई तो देखा कि बच्चा घर में मृत पड़ा है। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपित फरार हो गया। महिला की शिकायत पर पुलिस ने आरोपित के खिलाफ मामला दर्ज करके उसकी तलाश शुरू कर दी है।
संजय एन्क्लेव की गली नंबर 2 में रहने वाली निशा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश इटावा स्थित जसवंत नगर की रहने वाली है। उसका विवाह रिंकू नामक व्यक्ति से हुआ था।
इस दौरान उसने एक बेटे को जन्म दिया। आरोप है कि उसका पति रिंकू शराब पीकर उसे मारता पीटता था। इस पर महिला ने पति रिंकू से दुखी होकर उसका छोड़ दिया और एक साल पहले फरीदाबाद आ गई। यहां पर उसकी मुलाकात नीरज नाम के व्यक्ति से हुई।
वह नीरज के साथ संजय एन्क्लेव में रहने लगी। महिला का चार साल का बेटा विशाल भी उनके साथ रहता था। महिला का कहना है कि बुधवार को वह किसी काम से बाहर चली गई। जब वह देर शाम वापस लौट कर आई तो उसका बेटा विशाल बेहोश पड़ा पड़ा मिला।
जिस पर वह बेटे को लेकर अस्पताल पहुंची, तो डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। महिला का आरोप है कि उसके बेटे की हत्या नीरज ने गला घोंटकर की है। नीरज शराब पीने का आदी है और वह उसके साथ अक्सर मारपीट करता था।
इस मामले की शिकायत और सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने जांच पड़ताल के बाद बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए बादशाह खान नागरिक अस्पताल के शवगृह भेज दिया। इसके बाद महिला की शिकायत पर पुलिस ने आरोपित नीरज के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार आरोपित के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। उसने बच्चे को क्यों मारा। इसका कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। आरोपित की तलाश में पुलिस की तीन टीमें लगी हुई है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।