फरीदाबाद में बाढ़ के पानी में डूबने से किशोर की मौत, हरियाणा के तीन जिलों में 18 हजार एकड़ में फसल बर्बाद
हथनी कुंड बैराज से पानी छोड़े जाने के कारण फरीदाबाद में यमुना नदी के किनारे 3 हजार एकड़ फसल डूब गई। दूल्हेपुर गांव में फंसे ग्रामीणों को सुरक्षित निकाला गया जबकि भूपानी गांव में एक किशोर की डूबने से मौत हो गई। बसंतपुर से ससुर-दामाद लापता हैं जिनकी तलाश जारी है। मंत्री राजेश नागर ने अधिकारियों को सुरक्षा के निर्देश दिए।

जागरण संवाददाता, फरीदाबाद। हथनी कुंड बैराज से चार दिन पहले यमुना में छोड़े गए 3.29 लाख क्यूसिक पानी का जबरदस्त असर सोनीपत, फरीदाबाद और पलवल जिलों में पड़ा है। इन तीनों जिलों में नदी किनारे स्थित करीब 18 हजार एकड़ में धान एवं सब्जी की फसल पूरी तरह से डूब गई है।
सोनीपत में 10 हजार एकड़ में धान, सब्जियों व अन्य फसलें पूरी तरह से डूब गई। स्वीटकार्न व बेबीकार्न की फसल को भारी नुकसान हुआ है। फरीदाबाद में तीन हजार एकड़ क्षेत्र में व पलवल में पांच हजार एकड़ क्षेत्र में धान एवं सब्जी की फसल को नुकसान हुआ है।
इधर फरीदाबाद प्रशासन के अधिकारियों के माथे पर उस समय चिंता की लकीरें उभर आई जब यह पता चला कि दूल्हेपुर गांव के ग्रामीण बाढ़ में फंस गए हैं। सूचना मिलने पर प्रशासनिक अधिकारी संसाधनों के साथ वहां पहुंचे और सरपंच ताराचंद भाटी की मदद से गांव के 100 से ज्यादा ग्रामीणों को आबादी में जलभराव क्षेत्र से बाहर निकाल कर अरुआ गांव के सरकारी विद्यालय में बनाए गए राहत शिविर में ठहराया।
शाम को बाढ़ के पानी में डूबने से भूपानी गांव में कृष्णा नामक एक किशोर के डूबने से मौत की घटना भी हुई। किशोर नदी किनारे ही खेत में दोस्तों संग खेल रहा था, पर अचानक उसका पैर फिसल गया। इधर अचानक से जलस्तर बढ़ा और तेज प्रवाह में किशोर बह गया। उसकी खोजबीन की गई और जब वह मिला तो उसकी डूबने से मौत हो चुकी थी।
इसके अलावा नदी किनारे स्थित बसंतपुर गांव के शिव इन्क्लेव में सागर व बंटी नामक ससुर-दामाद बुधवार रात खाना लेने के लिए निकले थे, पर वापस नहीं लौटे। स्वजन यह आशंका जता रहे हैं कि वह बाढ़ में कहीं बह गए हैं। पुलिस एवं एसडीआरएफ की टीम उनकी तलाश कर रही हैं।
यह बता दें कि दिल्ली की सीमा से यमुना फरीदाबाद में प्रवेश करती है। यहां बृहस्पतिवार शाम तक दो लाख 44 हजार 478 क्यूसिक पानी आ चुका था। बृहस्पतिवार को खाद्य एवं आपूर्ति राज्य मंत्री राजेश नागर ने फरीदाबाद में यमुना किनारे बाढ़ प्रभावित विभिन्न गांवों का दौरा भी किया और जिला उपायुक्त विक्रम सिंह को ग्रामीणों के जानमाल की सुरक्षा के लिए हरसंभव उपाय करने के निर्देश दिए।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।