विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 30, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

फरीदाबाद के इन इलाकों में प्रॉपर्टी खरीदना होगा सबसे महंगा, 1 अगस्त से बढ़ने वाले हैं कलेक्टर रेट

Published: Wed, 30 Jul 2025 09:12 PM (IST)

Faridabad Collector Rate Increase फरीदाबाद में 1 अगस्त से कलेक्टर रेट बढ़ने वाले हैं जिसकी सूची जल्द ही वेबसाइट पर ...और पढ़ें

Faridabad News: फरीदाबाद में कलेक्टर रेट बढ़ने से प्रॉपर्टी बाजार में हलचल। फाइल फोटो
Faridabad News: फरीदाबाद में कलेक्टर रेट बढ़ने से प्रॉपर्टी बाजार में हलचल। फाइल फोटो

जागरण संवाददाता, फरीदाबाद।Faridabad Collector Rate Increase: राजस्व विभाग एक अगस्त से ही कलेक्टर रेट बढ़ाने जाने की तैयारी कर ली है। बृहस्पतिवार रात को नए कलेक्टर रेट की सूची तैयार हो जाएगी और प्रशासन की वेबसाइट पर अपलोड भी कर दी जाएगी।

उधर इस आदेश के बाद प्रॉपर्टी बाजार में हलचल पैदा हो गई है। प्रॉपर्टी खरीदने व बेचने वालों को तगड़ा झटका लगा है। इससे पहले 24 अगस्त को भी सरकार ने कलेक्टर रेट बढ़ाने के आदेश दिए थे लेकिन अगले ही दिन वापस ले लिए।

अचानक रेट बढ़ाने के आदेश का खूब विरोध भी हो रहा है। फरीदाबाद एस्टेट एजेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन के प्रधान आकाश गुप्ता, महासचिव गुरमीत सिंह देयोल का कहना है कि नियमानुसार एक महीने पहले कलेक्टर रेट की सूची सार्वजनिक की जाती है।

इस पर आमजन आपत्ति व सुझाव देते हैं। लेकिन ऐसा पहली बार हो रहा है कि रेट में आमजन की सुनवाई के लिए महज तीन घंटे दिए जा रहे हैं।

आपत्ति दर्ज कराने के लिए तीन घंटे

जिले के लिए वर्ष 2025-26 के जो कलेक्टर रेट प्रस्तावित किए गए हैं, उनकी एवज में सुझाव व आपत्तियों के लिए केवल तीन घंटे दिए गए हैं। सुबह 10 से दोपहर एक बजे तक ही सुझाव दिए जा सकते हैं।

उसके बाद अधिकारी इन सुझाव पर गौर कर सकते हैं और फिर संशोधित सूची जारी की जाएगी। जिला प्रशासन द्वारा आधिकारिक पोर्टल faridabad.nic.in पर अपलोड कर दी गई है, ताकि आमजन इन दरों को देखकर अपनी राय दे सकें।

जिला राजस्व अधिकारी विकास ने बताया कि नागरिक अपनी आपत्तियां या सुझाव संबंधित तहसील, उप-तहसील कार्यालयों में जमा कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त, जिला मुख्यालय स्थित लघु सचिवालय की पहली मंजिल, कक्ष संख्या 102 में भी आवेदन दिए जा सकते हैं। ईमेल drofbd @ hry.nic.in पर भी आपत्ति या सुझाव दिया जा सकता है।

ग्रेफ में भारी उछाल

फरीदाबाद तहसील के अंतर्गत कलेक्टर रेट के मामले में ग्रेटर फरीदाबाद अव्वल है। ग्रेफ के सभी गांव में 10 से 40 प्रतिशत तक कृषि योग्य भूमि के रेट बढ़ाने प्रस्तावित किए गए हैं। सबसे अधिक रेट उन गांव के हैं जो सोसायटी के आसपास हैं।

यदि बात करें व्यवसायिक रेट की तो इनमें 20 प्रतिशत तक बढ़ोतरी की जा सकती है। यमुना नदी किनारे गांव की कृषि योग्य भूमि के भी 10 से 20 प्रतिशत रेट प्रस्तावित हैं। कालोनी व सेक्टर में भी 10 से 30 प्रतिशत तक रेट बढ़ सकते हैं।

आईएमटी के गांव में जबरदस्त बढ़ोतरी

बल्लभगढ़ तहसील के अंतर्गत सबसे अधिक क्षेत्र आइएमटी से लगता हुआ होने जा रहा है। यहां गांव की कृषि योग्य भूमि के रेट 40 प्रतिशत तक बढ़ोतरी प्रस्तावित की गई है। आईएमटी को जमीन देने वाले पांच गांव में सबसे अधिक रेट बढ़ने जा रहे हैं।

बाकी कालोनी व सेक्टरों में भी 10 से 30 प्रतिशत तक, आंबेडकर चौक, हाईवे किनारे भी 30 प्रतिशत तक रेट बढ़ सकते हैं। औद्योगिक सेक्टर व ग्रुप हाउसिंग सोसायटी में भी 40 प्रतिशत तक रेट बढ़ाने प्रस्तावित हैं।

बड़खल तहसील में रेट

बड़खल तहसील के अंतर्गत गांव की कृषि भूमि के रेट 10 से 30 प्रतिशत, कालोनियों में 30 प्रतिशत तक, सेक्टरों में 30, नेहरू ग्राउंड में 20 प्रतिशत, सूरजकुंड रोड किनारे बसी हुई कालोनियों में 30 प्रतिशत, ग्रुप हाउसिंग सोसायटी में 20 प्रतिशत, एनआईटी में फ्लोर के 15 प्रतिशत, हाईवे किनारे 40 प्रतिशत तक रेट बढ़ाने प्रस्तावित किए गए हैं।