Ahmedabad Plane Crash: फरीदाबाद की खुश्बू की भी प्लेन हादसे में मौत, पांच महीने पहले हुई थी शादी
Ahmedabad Plane Crash फरीदाबाद में बीकानेर स्वीट्स के मालिक मदन सिंह की बेटी खुशबू की अहमदाबाद विमान हादसे में मौत हो गई। खुशबू की शादी कुछ महीने पहले हुई थी और वह पति के पास लंदन जाने की तैयारी में थी। एयरपोर्ट पर पिता ने उसे विदा किया था जिसके कुछ मिनट बाद ही हादसे की खबर मिली। इस घटना से परिवार और कर्मचारियों में शोक की लहर है।

जागरण संवाददाता, फरीदाबाद।(Ahmedabad Plane Crash): बीकानेर स्वीट्स के मालिक मदन सिंह की बेटी खुशबू भी अहमदाबाद विमान हादसे का शिकार हो गई। खुशबू की मौत की खबर सुनते ही न केवल परिवार वाले बल्कि दुकान पर काम करने वाले कर्मचारी भी स्तब्ध हो गए।
दैनिक जागरण संवाददाता जब उनके पास पहुंचे तो कर्मचारी जानकारी देते हुए रोने लगे। कर्मचारियों का कहना था कि कुछ महीने पहले उन्होंने मालिक की बेटी की शादी की मिठाई खाई थी। उसकी जिंदगी में इतनी जल्दी गम आ जाएगा, यह कभी सोचा भी नहीं था।
जब से यह खबर सुनी, तभी से सभी परेशान हैं। मदन सिंह राजपुरोहित कुछ सालों से फरीदाबाद के सेक्टर -22 में रह रहे हैं। वह यहां पर बीकानेर स्वीटस के नाम से दुकान चलाते हैं। उनकी शहर में बीकानेर के नाम से कई मिठाई की दुकानें हैं।
दुकान के एक कर्मचारी ओमप्रकाश ने बताया कि मालिक की बेटी खुशबू की शादी 18 जनवरी को विपुल सिंह राजपुरोहित निवासी खाराबेरा लूणी जोधपुर के साथ हुई थी। वह शादी में नहीं गए थे। लेकिन मालिक मदन ने कार्यक्रम खत्म होने के बाद कर्मचारियों को मिठाई खिलाई थी।
खुशबू के पति विपुल लंदन में डॉक्टर हैं। शादी के कुछ दिन बाद विपुल लंदन वापस लौट गए थे, लेकिन खुशबू वीजा के कारण नहीं जा पाई थी। इसके बाद वह अपनी ससुराल में रही और फिर अपने मायके आ गई। हाल ही में वीजा मिलने के बाद उसने पति के पास लंदन जाने की तैयारी की थी।
बुधवार को मालिक मदन और उसका चचेरा भाई खुशबू को गांव से लेकर अहमदाबाद के लिए निकले थे। बृहस्पतिवार को उन्होंने बेटी को अहमदाबाद एयरपोर्ट छोड़ा। इस दौरान एयरपोर्ट के बाहर पिता ने बेटी के साथ फोटो भी खिंचवाई थी।
लेकिन किसी ने यह सपने में नहीं सोचा था कि यह तस्वीर अब केवल याद बनकर रह जाएगी। बेटी को विदा करने के बाद परिवार को विमान हादसे की जानकारी मिली, तो सभी रोने लगे। खुशबू के मायके में मातम छाया हुआ है। विदाई के कुछ मिनट बाद बेटी ख़ुशबू की मौत हो गई।
दुकान में लगे टीवी पर चल रही खबर से हादसे की जानकारी मिली। कन्फर्म करने के लिए मालिक के पास फोन किया। फोन किसी और ने उठाया और बताया कि बेटी खुशबू दुनिया में नहीं रही।
यह सुनकर सभी कर्मचारी व्यथित हो गए। मालिक का बाकी परिवार घर का ताला लगाकर अहमदाबाद के लिए रवाना हो गए। पड़ोसी भी इस हादसे को सुनकर स्त्ब्ध हैं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।