Faridabad: मुलायम सिंह ने बल्लभगढ़ रैली में की थी तीसरे मोर्चे के गठन की वकालत
Faridabad News यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव का बल्लभगढ़ से पुराना रिश्ता रहा है। उन्होंने सितंबर 2004 में दशहरा मैदान में सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष होने के नाते लोकसभा चुनाव की तैयारियों को ध्यान में रखते हुए रैली में उन्होंने तीसरे मोर्चे के गठन की बात कही थी।

बल्लभगढ़, सुभाष डागर: उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव का बल्लभगढ़ से पुराना रिश्ता रहा है। उन्होंने सितंबर 2004 में दशहरा मैदान में सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष होने के नाते लोकसभा चुनाव की तैयारियों को ध्यान में रखते एक रैली का आयोजन किया था। इस रैली में उन्होंने तीसरे मोर्चे के गठन की बात कही थी। तब देश में एनडीए की सरकार तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में और प्रदेश में इनेलो की सरकार पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला के नेतृत्व में सत्तासीन थी।
मुलायम सिंह यादव हेलीकाप्टर से आए थे। वे रैली को संबोधित करने के बाद अपनी तत्कालीन अतिरिक्त प्रधान सचिव अनीता छिकारा के भाई अजय छिकारा के फार्म पर गांव मोहना में दोपहर का भोजन करने के लिए गए थे। मोहना में उनका ग्रामीणों ने जोरदार स्वागत किया था।
अनीता छिकारा जब अखिलेश यादव उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बने, तो उनकी मुख्य सचिव बनीं। अजय छिकारा आज मुलायम सिंह यादव को याद करके बार-बार अपनी आंखों को नम कर लेते हैं। वे कहते हैं कि उनसे जो मिलता था, फिर उनका ही हो जाता था। कोई छोड़ कर नहीं जाता था। उन्हें उनकी मृत्यु से बहुत दुख हुआ है।
इसी तरह से सपा के प्रदेश अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह भाटी कहते हैं कि वे उन पर अटूट विश्वास करते थे। यहां तक कि एक बार छोटे भाई शिवपाल यादव के बेटे की शादी का कार्ड उन्हें बुलाकर डा.अजय सिंह चौटाला को देने के लिए भेजा था। सुरक्षा गार्ड ने उन्हें नेता जी मिलवाने में देरी कर दी थी, तो उसे डांटा था और कहा था कार्यकर्ता उनके लिए सर्वोपरि हैं। नेता जी के जाने से पूरे देश को नुकसान हुआ है। उनकी कमी को दूर नहीं किया जा सकता।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।