फरीदाबाद में बेहतर होगी कनेक्टिविटी, एक साथ 10 सड़कों का होगा निर्माण; एक लाख से अधिक लोगों को मिलेगी राहत
फरीदाबाद के मंझावली पुल के पास की सड़कें 18.17 करोड़ रुपये से चकाचक होंगी। तिगांव क्षेत्र की दस सड़कों का निर्माण होगा जिससे एक लाख वाहन चालकों को राहत मिलेगी। राज्य मंत्री राजेश नागर के प्रयासों से मुख्यमंत्री ने सड़कों को स्वीकृति दी। 14 अगस्त 2025 को ऑनलाइन उद्घाटन हुआ। लोक निर्माण विभाग द्वारा निर्माण कार्य जल्द शुरू होगा जिससे यमुना नदी से सटे गांवों की कनेक्टिविटी बेहतर होगी।
प्रवीन काैशिक, तिगांव। मंझावली पुल चालू होने से पहले इसके आसपास के गांव की सभी सड़कें चकाचक की जाएंगी। ताकि आवागमन सुगम हो सके। इसके लिए तिगांव विधानसभा क्षेत्र की 10 सड़कों के निर्माण पर करीब 18.17 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इस राशि से सड़कों का कायाकल्प हो जाएगा। करीब एक लाख वाहन चालकों को राहत मिलेगी।
साथ ही यमुना नदी से सटे हुए गांव की शहर की ओर बसे हुए गांव से बेहतर कनेक्टिविटी हो जाएगी। याद रहे इन सड़कों की हालत खराब हो गई थी। ग्रामीणों ने सड़कें बनाने के लिए प्रदेश के राज्य मंत्री राजेश नागर से आग्रह किया। राज्य मंत्री ने सभी सड़कों का प्रस्ताव बनाकर मुख्यमंत्री के पास भेजा और स्वीकृति का आग्रह किया।
मुख्यमंत्री ने सड़कें पास कर दी। 14 अगस्त 2025 को इन सड़कों के निर्माण कार्य का ऑनलाइन उद्घाटन भी कर दिया गया। सभी सड़कों का निर्माण लोक निर्माण विभाग करेगा। अब विभागीय अधिकारियों ने सड़कों के निर्माण को लेकर आगामी कार्रवाई तेज कर दी है। उम्मीद है कि अगले महीने की शुरुआत में सभी सड़कों का काम शुरू हो जाएगा।
महावतपुर से बसंतपुर
यमुना नदी किनारे बसे हुए महावतपुर गांव से बसंतपुर तक कनेक्टिविटी और बेहतर होगी। यहां 13.77 किलोमीटर सड़क बनाई जाएगी। इसकी लागत 4.68 करोड़ रुपये तय की गई है। यह काम इसी महीने या अगले महीने की शुरुआत में शुरू हो जाएगा। इस सड़क के बनने से 25 हजार से अधिक लोगों को प्रतिदिन लाभ होगा।
बादशाहपुर से दलेलपुर
इसी तरह बादशाहपुर से दलेलपुर तक सड़क बनाई जाएगी। इस सड़क की लागत 3.42 करोड़ रुपये तय की गई है। सड़क बनने से प्रतिदिन 20 हजार से अधिक लोगों को राहत मिलेगी।
भूपानी से नचौली-ताजपुर रोड
भूपानी मोड़ से नचौली-ताजुपुर रोड, फैजपुर माजरा रोड, नीमका से फैजपुर माजरा तक तीन सड़कें 5.06 करोड़ से बनाई जाएंगी। इन तीनों सड़कों के बनने से प्रतिदिन 50 हजार से अधिक लोगों को राहत मिलेगी। फिलहाल इन सड़कों की हालत खराब है।
नचौली से महावतपुर सड़क
तिगांव विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली पांच और सड़कें बनेंंगी। इनमें नया गांव सड़क, नचौली से महावतपुर जो नचौली के राजकीय कालेज से होती हुए जाएगी, दलेलगढ़ की सड़क, अल्लीपुर, घरोड़ा से घुड़ासन को जाने वाली सड़कें 5.01 करोड़ से बनाई जाएंगी। इन पांच सड़कों से प्रतिदिन 50 हजार से अधिक वाहन चालक सफर करते हैं।
अधूरा है मंझावली पुल से आवागमन
यमुना नदी पर मंझावली में पुल बन गया है। यमुना नदी पार करीब एक किलोमीटर लंबी सड़क भी बना दी है लेेकिन आगे उत्तर प्रदेश वाले हिस्से में चार किलोमीटर से अधिक लंबाई की सड़क नहीं बनी है। यह सड़क उत्तर प्रदेश के लोक निर्माण विभाग को बनानी है। इसके लिए वहां के विभाग से किसानों से जमीन खरीद ली है। अगले महीने सड़क का काम भी शुरू हो सकता है। उम्मीद है कि इस साल के अंत तक चार किलोमीटर सड़क बन जाएंगी। इसके बाद पुल पर आवागमन सुगम हो जाएगा। विभिन्न गांव से गांव को जोड़ने वाली सड़क बन जाएंगी तो न केवल शहर बल्कि यमुना नदी पार जाना भी आसान हो जाएगा।
शहर से कनेक्टिविटी के लिए सड़कों का बनना बेहद जरूरी था। फिलहाल सड़कें जर्जर हैं। अब राज्य मंत्री के प्रयास से सड़क बन जाएगी तो राहत मिल जाएगी। - एडवोकेट राजू त्यागी, अल्लीपुर
सड़कें जर्जर होने की वजह से हमें बहुत दिक्कत हो रही थी। यहां लाइटें भी नहीं हैं, इसलिए अंधेरे में दोपहिया वाहन फिसल जाते थे। सड़कें बनने से अब राहत मिल जाएगी। - मनोज त्यागी, घुड़ासन गांव
तिगांव विधानसभा क्षेत्र की उपरोक्त सड़कों के निर्माण के लिए मुख्यमंत्री की स्वीकृति मिल चुकी है। सभी का वर्क अलाट किया जा रहा है। जल्द सड़कों का काम शुरू कर दिया जाएगा। - प्रकाश लाल, कार्यकारी अभियंता, लोक निर्माण विभाग
तिगांव विधानसभा क्षेत्र की इन सड़कों को बनाने के लिए ग्रामीण लगातार मांग कर रहे थे। मुख्यमंत्री से बात कर सभी सड़कें पास कराई। अब इन सभी सड़कों के बनने से हजारों लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। अभी जो सड़कें बच गई हैं, उन्हें भी जल्द बनवा दिया जाएगा। पूरे विधानसभा क्षेत्र में एक भी सड़क ऐसी नहीं रहेगी जो जर्जर हो। - राजेश नागर, राज्य मंत्री, हरियाणा
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।