Faridabad Accident: कार की टक्कर लगने से मुंबई-वडोदरा एक्सप्रेस-वे से गिरे बाइक सवार 2 युवक, एक की मौत
फरीदाबाद के सेक्टर-64 के पास मुंबई-वडोदरा एक्सप्रेस-वे पर एक दर्दनाक हादसा हुआ। एक तेज रफ्तार मारुति अर्टिगा कार ने बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मार दी जिससे एक की मौके पर ही मौत हो गई और दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है।

दीपक पांडेय, फरीदाबाद। सेक्टर-64 के पास मारुति अर्टिगा कार की टक्कर मुंबई-वडोदरा एक्सप्रेस-वे पर चल रहे बाइक सवार दो युवक करीब 20 फीट की ऊंचाई से नीचे गिर गए। जिनमें से एक की मौके पर मौत हो गई। जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल युवक को इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं कार सवार चालक मौके से फरार हो गया। घायल युवक की हालत चिंताजनक बनी हुई है। सदर थाना बल्लभगढ़ पुलिस ने अर्टिगा कार को अपने कब्जे में ले लिया है। चालक की तलाश की जा रही है।
किराना की दुकान चलाता था दिनेश
बड़ौली गांव का रहने वाला दिनेश किराना की दुकान चलाता था। इसके साथ ही दूध का काम भी करता है। वही दिनेश के पड़ोस में रहने वाला धर्मेंद्र निजी फैक्ट्री में काम करता है। दोनों किसी काम से सुबह पांच बजे ही फरीदाबाद आए थे। फिर फरीदाबाद से बड़ौली अपने गांव आठ बजे वापस जा रहे थे। दिनेश की बाइक धर्मेंद्र चला रहा था। दिनेश पीछे बैठा हुआ था।
बाइक पर पीछे बैठे थे दिनेश
सेक्टर-64 के पास जैसे ही दोनों पहुंचे तो पीछे से आ रही अर्टिगा गाड़ी ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से दोनों हवा में उछलकर करीब 20 फीट ऊपर से नीचे सर्विस रोड के पास झाड़ियों में गिरे। बाइक पर पीछे बैठे दिनेश की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि धर्मेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर मारने के बाद बाइक कार में ही फंस गई। इसलिए ड्राइवर मौके से फरार हो गया।
दोनों युवकों ने पहन रखा था हेलमेट
इतनी अधिक ऊंचाई से गिरने पर दिनेश ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। धर्मेंद्र को मौके पर मौजूद लोगों ने निजी अस्पताल में भर्ती कराया। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस को दिनेश का आधार कार्ड मिला। जिसकी सहायता से उसके स्वजनों को सूचना दी गई है। उसका शव पोस्टमार्टम के लिए बादशाह खान अस्पताल के शवगृह भिजवाया गया।
पुलिस के अनुसार दोनों ने हैलमेट पहना हुआ था, लेकिन उसकी डोरी नहीं बांधी हुई थी। जिसकी वजह से हवा में उछलने पर दोनों के हैलमेट अलग जाकर गिर गए। मृतक दिनेश की तीन साल पहले शादी हुई थी। अभी कोई संतान नहीं है। माता पिता पहले ही गुजर चुके हैं। वहीं घायल धर्मेंद्र पांच बहनों पर एक भाई है। सदर बल्लभगढ़ थाना प्रभारी उमेश कुमार के अनुसार कार जब्त कर ली गई है। आरोपित के खिलाफ मामला दर्ज करके उसकी तलाश की जा रही है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (1)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।