सूरजकुंड मेला: बिम्सटेक देशों और थीम स्टेट के कलाकारों का जमावड़ा, रंगारंग कार्यक्रमों से सजेगा मेला
फरीदाबाद में आयोजित होने वाले विश्व प्रसिद्ध 38वें सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय हस्तशिल्प मेले में इस बार बिम्सटेक देशों पूर्वोत्तर राज्यों मध्य प्रदेश और ओडिशा के कलाकार अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे। 900 से अधिक कलाकार और 200 से अधिक शिल्पी अपनी संस्कृति प्राकृतिक सुंदरता और शिल्प कला का प्रदर्शन करेंगे। मेले में सांस्कृतिक समृद्धि और कला का संगम देखने को मिलेगा।

अनिल बेताब, फरीदाबाद। नए वर्ष में सात से 23 फरवरी तक लगने वाले 38वें सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय हस्तशिल्प मेले में इस बार बहुत कुछ नया होगा। बिम्सटेक के कई देशों, पूर्वोत्तर राज्यों के कई जिलों, थीम स्टेट मध्य प्रदेश तथा ओडिशा के कई जिलों के 900 से अधिक कलाकार और 200 से अधिक शिल्पी अपने-अपने क्षेत्रों की संस्कृति, प्राकृतिक सुंदरता और शिल्प कला के प्रदर्शन से सांस्कृतिक समृद्धि व कला का प्रदर्शन करेंगे।
पर्यटन निगम की ओर से शिल्पियों व कलाकारों की अनुमानित संख्या तय कर दी गई है। पूर्वोत्तर राज्यों के कलाकारों को दो हिस्सों में आमंत्रित किया जाएगा। पहले सप्ताह में लगभग 150 कलाकार आएंगे। दूसरे सप्ताह में इतनी ही संख्या में आने वाले कलाकार मेले के समापन तक गायन व नृत्य की प्रस्तुति से रंग जमाएंगे।
कलाकार | शिल्पी | थीम स्टेट |
200 | 50 | मध्य प्रदेश |
200 | 50 | ओडिशा |
100 | 60 | बिम्सटेक |
300 | 60 | पूर्वोत्तर राज्य |
पहली बार जुड़ रहा है बिम्सटेक
हरियाणा पर्यटन निगम ने इस बार के मेले के लिए सात देशों के एक अंतरराष्ट्रीय आर्थिक सहयोग संगठन बिम्सटेक को पहली बार प्रमुख रूप से जोड़ा है। बिम्सटेक से जुडे बांग्लादेश, भूटान, भारत, म्यांमार, नेपाल, श्रीलंका और थाईलैंड हैं। पहले मेले से पार्टनर कंट्री के रूप में एक देश को जोड़ा जाता था। अब इन सभी देशों के कलाकार मुख्य चौपाल पर प्रस्तुति देंगे। इनके साथ ही पूर्वोत्तर राज्यों में शामिल आठ राज्य असम, अरुणाचल, मणिपुर, मेघालय, मिजोरम, नागालैंड, त्रिपुरा और सिक्किम की मेले में सांस्कृतिक भागीदारी रहेगी।
सभी देशों, राज्यों के कलाकारों और शिल्पियों की संख्या तय की जा रहा है। फिर भी मेले से जुड़े देश और राज्य कलाकारों की संख्या अपनी सुविधा अनुसार घटा-बढ़ा सकते हैं। मेले को विस्तार देते हए परिसर में अब 1300 हट बनाई गई हैं। इसका काम लगभग पूरा हो चुका है। हर थीम स्टेट को फूूड कोर्ट में भी जगह दी जाएगी। - यूएस भारद्वाज, नोडल अधिकारी, सूरजकुंड मेला
तीन चौपाल पर होंगे कार्यक्रम
पहली चौपाल: वीआइपी गेट के पास
दूसरी चौपाल: दिल्ली गेट के पास
तीसरी चौपाल: छत्तीसगढ़ गेट, मनोरंजन पार्क के पास -फूड कोर्ट- फरीदाबाद गेट के पास
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।