फरीदाबाद: अमृता विश्व विद्यापीठम में जुटेंगे 70 देशों के वैज्ञानिक, पहली बार भारत करेगा विश्व भूस्खलन मंच की मेजबानी
दुनिया भर के विशेषज्ञ 23-24 नवंबर 2026 को फरीदाबाद के अमृता विश्व विद्यापीठम में सातवें विश्व भूस्खलन मंच के लिए जुटेंगे। भारत पहली बार इस अंतरराष्ट्रीय आयोजन की मेजबानी करेगा।

इस कार्यक्रम में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री मंत्री नितिन गडकरी भूस्खलन के मामलों पर अपने विचार व्यक्त करेंगे।
HighLights
फरीदाबाद में 23-24 नवंबर 2026 को सातवां विश्व भूस्खलन मंच।
भारत पहली बार इस महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय आयोजन की मेजबानी करेगा।
70 देशों के विशेषज्ञ भूस्खलन रोकथाम तकनीकों पर करेंगे गहन चर्चा।
प्रवीन कौशिक, फरीदाबाद। भूस्खलन जैसी प्राकृतिक आपदाओं के खतरे को कम करने और समय रहते चेतावनी देने की आधुनिक तकनीकों पर मंथन के लिए दुनिया भर के विशेषज्ञ फरीदाबाद में जुटेंगे। अमृता विश्व विद्यापीठम के सेक्टर-88 स्थित परिसर में 23 से 24 नवंबर तक सातवें विश्व भूस्खलन मंच (वर्ल्ड लैंडस्लाइड फोरम-7) का आयोजन किया जाएगा। भारत पहली बार इस अंतरराष्ट्रीय मंच की मेजबानी करने जा रहा है।
70 देशों के वैज्ञानिक होंगे शामिल
इस आयोजन में करीब 70 देशों के वैज्ञानिक, शोधकर्ता, इंजीनियर, नीति निर्माता और आपदा प्रबंधन से जुड़े विशेषज्ञ हिस्सा लेंगे। सम्मेलन का मुख्य विषय सुरक्षित और आपदा-रोधी समुदायों के निर्माण के लिए भूस्खलन विज्ञान एवं उसके व्यावहारिक उपयोग पर केंद्रित रहेगा। मंच पर भूस्खलन की पहचान, जोखिम का आकलन, रिमोट सेंसिंग, सैटेलाइट तकनीक, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), डिजिटल ट्विन और शुरुआती चेतावनी प्रणाली जैसे विषयों पर चर्चा होगी।
वैज्ञानिक शोध का किस तरह उपयोग करें?
विशेषज्ञ यह भी साझा करेंगे कि पहाड़ी क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को प्राकृतिक आपदाओं से बचाने के लिए आधुनिक तकनीक और वैज्ञानिक शोध का किस तरह उपयोग किया जा सकता है। यह आयोजन अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भूस्खलन से होने वाले नुकसान को कम करने के लिए शोध, तकनीक और नीतिगत अनुभव साझा करने का अवसर बनेगा। इससे फरीदाबाद को भी अंतरराष्ट्रीय वैज्ञानिक आयोजनों के मानचित्र पर नई पहचान मिलेगी।
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी रखेंगे विचार
इस कार्यक्रम में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री मंत्री नितिन गडकरी और विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी तथा पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय के राज्य मंत्री डाॅ. जितेंद्र सिंह विश्व भूस्खलन मंच को संबोधित करेंगे। प्रवक्ता के अनुसार 23 नवंबर 2026 को दोपहर एक से 1.30 बजे तक डा. जितेंद्र सिंह इस मंच को संबोधित करेंगे। अगले दिन यानी 24 नवंबर को सुबह 11 से दोपहर एक बजे तक केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी मंच को संबोधित करेंगे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।