विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

फरीदाबाद में अनाथ को सहारा देना परिवार को पड़ा भारी, मददगारों की ही बेटी को खिलाई चूहे मारने की दवा; फरार

By Harendra NagarEdited By: Neeraj Tiwari
Published: Wed, 25 Nov 2026 04:23 PM (IST)

फरीदाबाद में जिस परिवार ने कोरोना काल में अनाथ हुए विपिन यादव को सहारा दिया, उसी की बेटी अरुणा की कथित तौर पर हत्या कर दी गई है। पुलिस को सेक्टर-37 के गेस्ट हाउस से अरुणा का शव मिला है और विपिन की तलाश में चार टीमें गठित की गई हैं।

आरोपित विपिन यादव (बाएं) ने बुरे वक्त में सहारा देने वाले परिवार की 17 साल की बेटी अरुणा को प्रेमजाल में फंसाकर जान ले ली। सौ.स्वजन

आरोपित विपिन यादव (बाएं) ने बुरे वक्त में सहारा देने वाले परिवार की 17 साल की बेटी अरुणा को प्रेमजाल में फंसाकर जान ले ली। सौ.स्वजन

HighLights

  1. अनाथ विपिन यादव पर बेटी की हत्या का आरोप।

  2. अरुणा का शव गेस्ट हाउस से बरामद, जहर देने का शक।

  3. पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर विपिन की तलाश शुरू की।

जागरण संवाददाता, फरीदाबाद। कोरोना काल में माता-पिता को खोने के बाद अनाथ हुए विपिन यादव को पड़ोसी शंभू ने बेटे की तरह सहारा दिया था। उन्होंने विपिन को अपने घर में खाना खिलाया, रात में ठहराया और मोटरसाइकिल भी दिलाई। परिवार को इस बात का अंदाजा नहीं था कि जिस युवक पर वे भरोसा कर रहे हैं, वही उनकी बेटी अरुणा को अपने प्रेमजाल में फंसाकर हत्या कर देगा। अब पुलिस को विपिन की तलाश है।

2021 में माता-पिता की मौत के बाद बढ़ा आना-जाना

वर्ष 2021 में कोरोना के दौरान विपिन के माता-पिता की मौत हो गई थी और वह इकलौती संतान था। उस वक्त उसकी उम्र करीब 17 साल थी। माता-पिता का साया उठने के बाद पड़ोसी शंभू ने उसे संभाला, जिसके बाद विपिन का उनके घर आना-जाना बढ़ गया। कॉलोनी में अरुणा और विपिन के प्रेम संबंधों की चर्चा थी, लेकिन अरुणा के परिवार को इसकी भनक तक नहीं लगी।

कॉलेज के लिए निकली अरुणा, गेस्ट हाउस में मिली लाश

सोमवार सुबह अरुणा कॉलेज जाने के लिए घर से निकली थी और उसका भाई उसे कार से मेट्रो स्टेशन छोड़ने गया था। वहां से विपिन मोटरसाइकिल पर उसे सराय ख्वाजा स्थित गेस्ट हाउस ले गया। पुलिस जांच के मुताबिक, विपिन ने अरुणा को चूहे मारने की दवा पिलाई और कमरे की बाहर से कुंडी लगाकर फरार हो गया। मंगलवार दोपहर सेक्टर-37 स्थित गेस्ट हाउस के कमरे से अरुणा का शव बरामद हुआ।

कंफेशन नोट में आठ साल के संबंध और आत्महत्या का जिक्र

कमरे से पुलिस को विपिन के हस्ताक्षर वाला एक कंफेशन नोट मिला है। नोट में आठ साल से प्रेम संबंध होने और लोगों के परेशान करने की बात लिखी है। नोट में अरुणा की हत्या के बाद खुद भी आत्महत्या करने का जिक्र किया है। हालांकि, पुलिस जांच में सामने आया कि विपिन ने आत्महत्या नहीं की है और कमरे की कुंडी बाहर से बंद मिली। इसी आधार पर पुलिस ने गुमशुदगी के मामले में हत्या की धारा जोड़ दी।

पिता के 12 ट्रक और संपत्ति बेचता चला गया विपिन

विपिन के पिता ट्रांसपोर्ट का काम करते थे और उनके पास करीब 12 ट्रक व काफी संपत्ति थी। माता-पिता की मौत के बाद विपिन ने एक-एक कर सभी ट्रक, एक प्लॉट और नई ब्रेजा कार बेच दी। उसने अपना 150 गज का मकान भी गिरवी रख दिया और पड़ोसियों के अनुसार गलत संगत में पड़कर शराब व अय्याशी में रुपये उड़ाता रहा।

हत्या का मुकदमा दर्ज, तलाश में चार टीमें

सोमवार शाम अरुणा के घर न लौटने पर परिवार ने धौज थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। मंगलवार को शव मिलने के बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी। धौज थाना प्रभारी अनिल कुमार के मुताबिक, विपिन यादव के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की चार टीमें लगाई गई हैं।

यह भी पढ़ें- फरीदाबाद: भांकरी के कचरे में आग से फैला जहरीला धुआं, सैनिक कॉलोनी समेत कई इलाकों में सांस लेना दूभर

यह भी पढ़ें- 3100 एकड़ जमीन अधिग्रहण से बदलेगी फरीदाबाद की सूरत, 67 सेक्टरों में बनेगी 6-लेन सड़क और ग्रीन बेल्ट

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।