फरीदाबाद: भांकरी के कचरे में आग से फैला जहरीला धुआं, सैनिक कॉलोनी समेत कई इलाकों में सांस लेना दूभर
फरीदाबाद के भांकरी गांव में नगर निगम द्वारा डाले गए कचरे में आग लगने से धुआं फैल रहा है, जिससे डेढ़ से दो लाख लोगों को सांस लेने में दिक्कत हो रही है।

भांकरी गांव के कचरे में लगी आग से निकलता धुआं। फोटो: जागरण
HighLights
भांकरी गांव में नगर निगम के कचरे में आग से धुआं।
आसपास की आबादी को धुएं से सांस लेने में भारी परेशानी।
उच्च न्यायालय के प्रतिबंध के बावजूद निगम ने कचरा नहीं हटाया।
जागरण संवाददाता, फरीदाबाद। भांकरी गांव में नगर निगम की ओर से कचरा डालना बंद किए जाने के बाद भी आसपास की आबादी की परेशानी कम नहीं हुई है। क्योंकि कचरे में आए दिन कोई न कोई शरारती तत्व आग लगा देता है। अब आग से निकलने वाला धुआं लोगों में घुटन पैदा कर देता है।
पिछले तीन दिन से कचरे से धुआं निकल रहा है। लोगों का कहना है कि जब हाईकोर्ट की ओर से भांकरी के रकबे में कूड़ा डालने के लिए मना कर दिया गया है तो इस कचरे को निगम की ओर से उठवा क्यों नहीं जाता है।
कचरे में आग की वजह से लोगों का सांस लेना मुश्किल हो गया है। भांकरी गांव के साथ लगते ही सैनिक कालोनी, अचीवर्स सोसायटी और आइपी कालोनी है। करीबन डेढ़ से दो लाख लोग इन सोसायटी और कालोनियों में रहते हैं।
निस्तारण केंद्र बनाने की योजना तैयार
दरअसल नगर निगम की ओर से भांकरी गांव में निस्तारण केंद्र बनाने की योजना तैयार की गई थी। जिसके तहत निगम ने कचरा भी डालना शुरू कर दिया था। लेकिन भांकरी और सैनिक कालोनी के लोग विरोध जताने लगे। लोगों ने यहां पर धरना भी शुरू कर दिया था।
इसके बाद भी निगम ने कचरा डालना जारी रखा। फिर लोगों ने हाईकोर्ट का रूख अपनाया। हाईकोर्ट की ओर से आदेश जारी करते हुए निगम अधिकारियों से कहा गया कि जमीन वन्य जीवों के लिए संरक्षित है। इस पर किसी भी हालत में कूड़ा नहीं डाला जा सकता है। इसके साथ ही निगम को कूड़ा डालने को लेकर एनजीटी से भी फटकार लगी है।
डाले गए कूडे को निगम ने नहीं उठाया
हाईकोर्ट से रोक लगने के बाद निगम ने जो कचरा भांकरी गांव की जमीन पर डाला जा चुका था। उसको वापस नहीं उठाया गया। अब यही कचरा लोगों के लिए प्रदूषण का कारण बन रहा है। लोगों का कहना है कि निगम को कचरे को यहां से हटा देना चाहिए।
कचरे के निस्तारण की व्यवस्था की जा रही है। जगह मिलते ही भांकरी का कचरा वहां पर ले जाकर डाल दिया जाएगा।
-यशेंद्र सिंह, आुयक्त नगर निगम
यह भी पढ़ें- 3100 एकड़ जमीन अधिग्रहण से बदलेगी फरीदाबाद की सूरत, 67 सेक्टरों में बनेगी 6-लेन सड़क और ग्रीन बेल्ट
यह भी पढ़ें- बढ़ते प्रदूषण के बीच फरीदाबाद में दर्जनों पेड़ साफ, अब ठेकेदार के खिलाफ पुलिस केस की तैयारी
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।