विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

3100 एकड़ जमीन अधिग्रहण से बदलेगी फरीदाबाद की सूरत, 67 सेक्टरों में बनेगी 6-लेन सड़क और ग्रीन बेल्ट

Published: Wed, 25 Nov 2026 03:06 PM (GMT+05:30)

सरकार फरीदाबाद के शहरी विकास के लिए मास्टर प्लान-2031 को लागू करने की तैयारी में है। 

ग्रेटर फरीदाबाद से आगे के गांव में इस तरह की इमारतें नजर आएंगी। जागरण आर्काइव

ग्रेटर फरीदाबाद से आगे के गांव में इस तरह की इमारतें नजर आएंगी। जागरण आर्काइव

HighLights

  1. मास्टर प्लान-2031 के तहत फरीदाबाद का शहरी विकास होगा।

  2. 3100 एकड़ जमीन पर सड़क नेटवर्क और ग्रीन बेल्ट बनेगी।

  3. ग्रेटर फरीदाबाद से आगे बढ़कर नए सेक्टर विकसित होंगे।

प्रवीन कौशिक, फरीदाबाद। औद्योगिक नगरी फरीदाबाद के शहरी विकास को नई दिशा देने के लिए सरकार ने मास्टर प्लान-2031 को धरातल पर उतारने की तैयारी शुरू कर दी है। इसके तहत करीब 3100 एकड़ जमीन का अधिग्रहण किया जाएगा।

इस जमीन पर मास्टर रोड, सर्विस रोड और सेक्टर रोड विकसित करने के साथ-साथ ग्रीन बेल्ट भी बनाई जाएगी। इसके लिए नगर योजनाकार विभाग संबंधित विभागों से बात कर रहा है। जमीन का अधिग्रहण फरीदाबाद महानगर विकास प्राधिकरण करेगा।

ग्रेटर फरीदाबाद का दायरा

इस योजना के लागू होने से ग्रेटर फरीदाबाद का दायरा मौजूदा सेक्टरों से आगे आसपास के गांवों तक पहुंच जाएगा। इससे शहर के विस्तार के लिए नए रास्ते खुलेंगे और भविष्य की आबादी को ध्यान में रखते हुए आधारभूत ढांचे का विकास किया जा सकेगा।

अभी तक फरीदाबाद का शहरी विस्तार मुख्य रूप से पुराने सेक्टरों और ग्रेटर फरीदाबाद तक सीमित रहा है। लेकिन बढ़ती आबादी और आवासीय जरूरतों के चलते अब शहर के विस्तार की आवश्यकता महसूस की जा रही है। इसी को ध्यान में रखते हुए मास्टर प्लान-2031 के तहत नए क्षेत्रों को नियोजित तरीके से विकसित करने की तैयारी है।

सड़क नेटवर्क पर रहेगा विशेष जोर

योजना के तहत अधिगृहीत की जाने वाली जमीन का बड़ा हिस्सा सड़क नेटवर्क विकसित करने में इस्तेमाल होगा। मास्टर रोड के निर्माण से नए विकसित होने वाले सेक्टरों को प्रमुख सड़कों से जोड़ा जाएगा। वहीं सर्विस रोड और सेक्टर रोड बनने से स्थानीय आवागमन सुगम होगा।

अभी कई क्षेत्रों में सेक्टरों के बीच बेहतर कनेक्टिविटी नहीं होने के कारण लोगों को मुख्य सड़कों तक पहुंचने के लिए लंबा रास्ता तय करना पड़ता है। मास्टर प्लान में केवल सड़क और आवासीय विकास ही नहीं, बल्कि पर्यावरण को भी ध्यान में रखा गया है। इसके तहत ग्रीन बेल्ट विकसित की जाएंगी।

51 गांव की 11 हजार 895 एकड़ जमीन चाहिए

मास्टर प्लान 2031 के तहत 39.55 लाख की अनुमानित जनसंख्या के लिए 55 गांवों की लगभग 11,895 एकड़ जमीन पर नया शहरी क्षेत्र विकसित करने की योजना आगे बढ़ाई है। इस विस्तार में करीब 10 लाख लोगों को बसाने और शुरुआती चरण के सेक्टरों के लिए ई-भूमि पोर्टल के जरिए जमीन जुटाने की प्रक्रिया शामिल है।

विभागीय जानकारी के अनुसार सेक्टर 92 से 158 तक 67 सेक्टरों की मास्टर रोड सिक्स-लेन बनेगी। इसकी चौड़ाई 200 फुट होगी, जबकि दोनों ओर 40-40 फुट चौड़ी सर्विस रोड भी बनेगी। बता दें जिले में इस समय 91 सेक्टर हैं। लेकिन इस प्लान के बाद सेक्टरों की संख्या 158 हो जाएगी। जिला नगर योजनाकार मनीष यादव ने बताया कि 3100 एकड़ जमीन अधिग्रहण करने की तैयारी शुरुआती चरण में है। अभी बहुत सारे पहलू देखे जा रहे हैं। कई विभागों के अधिकारियों से बात हो रही है।

बिल्डर भी हो रहे सक्रिय

मास्टर प्लान को लेकर बिल्डर लाबी भी सक्रिय हो गई है। सालभर से तिगांव, बुखारपुर, जुन्हेड़ा, दयालपुर, बदरौला सहित आसपास के गांव में जमीन की खरीद तेजी से हो रही है। इस वजह से यहां जमीन के दाम में काफी बढ़ोतरी हो रही है। कई किसानों ने जमीन बेचनी शुरू कर दी है तो काफी अभी और दाम बढ़ने का इंतजार कर रहे हैं।

यह भी पढ़ें- न्यू नोएडा पार्ट-3 की तैयारी के बीच दादरी में उठी बड़ी मांग, 20 गांवों को शामिल करने की गुहार

यह भी पढ़ें- 4 साल से चला आ रहा नोएडा AOA चुनाव विवाद हाई कोर्ट ने सुलझाया, DM को 8 हफ्ते में दोबारा कराने का आदेश

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।