4 साल से चला आ रहा नोएडा AOA चुनाव विवाद हाई कोर्ट ने सुलझाया, DM को 8 हफ्ते में दोबारा कराने का आदेश
नोएडा के अंतरिक्ष गोल्फ व्यू-1 एओए चुनाव पर 4 साल से चल रहा कानूनी विवाद हाई कोर्ट ने समाप्त कर दिया है। न्यायालय ने जिलाधिकारी को 7 दिन में चुनाव अधिकारी नियुक्त कर 8 सप्ताह में पारदर्शी चुनाव कराने का आदेश दिया।

हाई कोर्ट ने सुनाया फैसला। प्रतीकात्मक तस्वीर - सोशल मीडिया
HighLights
4 साल का एओए चुनाव विवाद हाई कोर्ट ने सुलझाया।
न्यायालय ने प्रॉक्सी मतदान पर प्रतिबंध लगाया, पारदर्शी चुनाव का आदेश।
जिलाधिकारी को 7 दिन में चुनाव अधिकारी नियुक्त करने का निर्देश।
जागरण संवाददाता, नोएडा। नोएडा में सेक्टर-78 स्थित अंतरिक्ष गोल्फ व्यू-1 एओए (अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन) चुनाव को लेकर 4 वर्ष से चल रहा कानूनी विवाद खत्म हो गया है।
हाई कोर्ट में न्यायमूर्ति सिद्धार्थ वर्मा और न्यायमूर्ति कुनाल रवि सिंह की खंडपीठ ने वर्ष 2022 के स्थगन आदेश को निरस्त करते हुए चुनाव कराने के आदेश दिए हैं।
एकल पीठ ने लगाई थी रोक
वर्ष 2021 में पंजीकृत इस संस्था का कार्यकाल पूरा होने पर उप निबंधक मेरठ ने वर्ष 2022 में चुनाव के आदेश दिए थे, जिस पर एकल पीठ से रोक लग गई थी। इस बीच प्रबंधन में अनियमितता के आरोप लगे और मार्च 2026 में संस्था का पंजीकरण भी समाप्त हो गया।
संस्था का होगा नवीनीकरण
फ्लैट खरीदार सुबोध कुमार अग्रवाल की विशेष अपील पर उच्च न्यायालय ने गौतम बुद्ध नगर के जिलाधिकारी को सात दिन में उप-जिलाधिकारी स्तर का निर्वाचन अधिकारी नामित करने को कहा है। प्रोक्सी मतदान पर प्रतिबंध रहेगा और आठ सप्ताह में पारदर्शी चुनाव कराकर संस्था का नवीनीकरण होगा।
हाई कोर्ट ने टिप्पणी करते हुए कहा आपसी झगड़े में अनिश्चतकाल तक नहीं टल सकते हैं चुनाव। बंद कमरे में गुपचुप तरीके से सोसायटी में पहली एओए बनाने के आरोप लगे थे। 4 वर्ष पूर्व डिप्टी रजिस्ट्रार ने चुनाव के दिए थे आदेश।
एओए ने हाई कोर्ट में डीआर के आदेश के खिलाफ दायर याचिका पर स्टे मिला था। एओए के खिलाफ लड़ाई में 10 लाख रुपये निवासियों ने आपसी फंडिंग से जुटाकर किए खर्च। चार वर्ष बाद हुआ चुनाव का आदेश।
यह भी पढ़ें- दिल्ली हाई कोर्ट का बड़ा फैसला, जेजे एक्ट के पुराने मामले भी चिल्ड्रन कोर्ट में होंगे ट्रांसफर