विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

फरीदाबाद में छंटाई के नाम पर साफ कर दिया अलीपुर शिकारगाह जंगल, गिनती पहुंची 3 हजार के पार; चार अधिकारी सस्पेंड

Published: Fri, 20 Nov 2026 03:03 PM (IST)

फरीदाबाद के अलीपुर शिकारगाह में झाड़ियों की छंटाई के बहाने 30 एकड़ आरक्षित वन भूमि से हजारों पेड़ काट दिए गए। इस मामले में वन विभाग के चार अधिकारी निलंबित हो चुके हैं और जांच जारी है।

HighLights

  1. अलीपुर शिकारगाह में 30 एकड़ जंगल साफ किया गया।

  2. झाड़ियों की छंटाई के नाम पर हजारों पेड़ काटे गए।

  3. वन विभाग के चार अधिकारी मामले में निलंबित हुए।

दीपक पांडेय, फरीदाबाद। शहर से करीब 15 किलोमीटर दूर अलीपुर शिकारगाह में पेड़ों की छंटाई के नाम पर साफ किए गए जंगल को लेकर ठेकेदार और वन विभाग के अधिकारियों ने पूरी तसल्ली से काम किया।

ग्रामीणों को इस अंधेरे में रखा गया कि जंगल साफ करने को लेकर उच्चाधिकारियों के आदेश हैं। इनकी जगह नए पेड़ लगा दिए जाएंगे। इसलिए ग्रामीण भी शांत बैठे रहे।

पहले पेड़ों को काटा गया। दैनिक जागरण की टीम अलीपुर शिकारगाह के आरक्षित वन क्षेत्र तक पहुंची। जहां पर कभी हरे भरे पेड़ नजर आते थे। अब वह जगह पूरी वीरान हो गई है।

गांव के पीछे से रास्ता किया गया तैयार

पेड़ों की कटाई करने के साथ-साथ जंगल के बीच में से ही करीब एक किलोमीटर का रास्ता तैयार किया गया। यह रास्ता गांव के पीछे से जाता है। इस रास्ते से ट्रकों में लकड़ी भरकर पुन्हाना मंडी में भेजा गया। शुक्रवार को भी नूंह वन विभाग की टीम पेड़ों की गिनती में लगी रही। विभाग के अधिकारी पूरे मामले में कुछ भी बोलने से बच रहे हैं।

दो से तीन ट्रक पेड़ काटने की आशंका

हालांकि, अधिकारियों का कहना है कि करीबन तीन हजार पेड़ों की गिनती पूरी हो चुकी है। इसमें विलायती कीकर, शीशम और नीम शामिल है। पेड़ों की कटाई की गिनती 10 हजार तक पहुंच सकती है। ग्रामीण पवन के अनुसार पहले तो गांव के बीच में से ही लकड़ी के दो से तीन ट्रक गए है। लेकिन, फिर बाद में गांव के पीछे से रास्ता तैयार करके ट्रकों को ले जाया गया।

वन अधिकारी समेत चार हो चुके हैं सस्पेंड

अलीपुर शिकारगाह गांव की करीब 30 एकड़ खाली आरक्षित वन भूमि को हरा-भरा बनाने के लिए यहां बड़े पैमाने पर नए पौधे लगाए जाने थे। नियमों के अनुसार,पौधारोपण के लिए जमीन तैयार करने के उद्देश्य से केवल छोटी और झाड़ियों की छंटाई की जानी थी।

वन विभाग के रेंज ऑफिसर और अन्य कर्मचारियों ने मिलीभगत कर झाड़ियां साफ करने की आड़ में 30 एकड़ क्षेत्र में खड़े विलायती कीकर और अन्य प्रजातियों के पेड़ों को कटवा दिया।

मामले की भनक जब वन विभाग के उच्चाधिकारियों को लगी जांच कमेटी बनाई गई। कमेटी ने पुन्हाना की मंडी से लकड़ी को बरामद भी कर लिया। इस मामले में जिला वन अधिकारी सहित चार अधिकारी सस्पेंड हो चुके हैं।

यह भी पढ़ें- फरीदाबाद: बल्लभगढ़ में टूटे नाले, जाम सीवर व गड्ढों से लोग परेशान; निगम की लापरवाही से बढ़ रहा प्रदूषण

यह भी पढ़ें- फरीदाबाद में सफाई व्यवस्था का निरीक्षण करने के लिए निगमायुक्त ने संभाला मोर्चा, तीन जोन का किया औचक निरीक्षण 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।