फरीदाबाद: बल्लभगढ़ में टूटे नाले, जाम सीवर व गड्ढों से लोग परेशान; निगम की लापरवाही से बढ़ रहा प्रदूषण
बल्लभगढ़ के आर्य नगर में टूटी सड़कें, खुले नाले, कूड़े के ढेर और जलभराव जैसी गंभीर नागरिक समस्याएं हैं, जिससे स्थानीय निवासी और छात्र परेशान हैं।
-1795156092471_m.webp)
गड्ढों और जलभराव से जूझ रही 20 हजार की आबादी। (AI-Image)
HighLights
एक साल से कटी सड़क गड्ढे में तब्दील, खतरा।
कच्चे नाले कूड़े से भरे, जलभराव और दुर्गंध।
पार्षद ने सड़क, नाले और कूड़ा समस्या हल करने का वादा किया।
सुभाष डागर, बल्लभगढ़। नगर निगम के वार्ड नंबर-42 के अंतर्गत आने वाले आर्य नगर के लोगों को कई तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। सीमेंटेड सड़क को एक वर्ष पहले पाइप लाइन डालने के लिए निगम ने काटा था, जिसे बनाना ही भूल गया।
यहां पर बना गहरा गड्ढा लोगों की जान को खतरा बना हुआ है। नाले अभी भी कच्चे हैं। गलियों में खुले में पड़ी निर्माण सामग्री उड़ कर शहर के प्रदूषण को बढ़ाने में सहयोग दे रही है। जगह-जगह पर कूड़े-कचरा के ढेर पड़े हुए हैं और रात के अंधेरे में सफाई कर्मी आग लगाकर जलाते हैं।
आर्य नगर शहर की पाश कालोनियों में से एक है और इसे 30 वर्ष पहले बसाया गया था। यहां पर 20 हजार की आबादी है। ज्यादातर नौकरी व व्यवसाय करने वाले लोग रहते हैं। पूर्व विधायक शारदा राठौर का कार्यालय भी इस कालोनी में बना हुआ है।
दक्षिण में मोहना एलिवेटेड मार्ग बन रहा है
इसके दक्षिण में मोहना एलिवेटेड मार्ग बनाया जा रहा है। उत्तर में वीटा मिल्क प्लांट रोड है। पूर्व में सेक्टर-64 और पश्चिम में डीएवी पब्लिक स्कूल है। यहां पर पांच शिक्षण संस्थान हैं। इनमें डीएवी पब्लिक स्कूल, आर्य विद्या मंदिर वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, रावल इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल, गंगोत्री पब्लिक स्कूल, अग्रवाल कालेज हैं।
नाले कच्चे या कूड़े-कचरा से भरे होने तथा सीवर जाम से अक्सर जलभराव हो जाता है। इस जलभराव में आने-जाने में लोगों, खासतौर पर 10 हजार छात्रों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ता है। मिल्क प्लांट से मोहना रोड की तरफ आने वाले नाले कच्चे हैं और टूटे हुए हैं। इनमें पालीथिन, बोतल आदि भरे रहते हैं। नालियों के पानी को सीवर लाइन में डाला हुआ है।
कचरा से अक्सर सीवर लाइन भी जाम रहती है। कई बार स्थानीय लोगों ने अपनी समस्याओं के बारे में नगर निगम के अधिकारियों और पार्षद से शिकायत की है, लेकिन अभी तक समाधान नहीं हो पा रहा है।
लोगों का कहना
'मिल्क प्लांट को जाने वाली सड़क के दोनों तरफ नाले पूरी तरह से टूटे हुए हैं। इनकी अभी तक किसी ने भी बनाने की सुध नहीं ली है। नालों में पड़ा हुआ कचरा सड़ता रहता है। इसकी वजह से दुर्गंध बनी हुई है। दुर्गंध के कारण खुले में बैठना मुश्किल होता है।'
-नत्थीराम
'नालियों का पानी अब सीवरेज में डाला हुआ है। घरों के पानी में लोग अपने कचरा को भी बहा देते हैं। इसकी वजह से अक्सर सीवर जाम हो जाता है और गलियों तथा सड़कों पर जलभराव हो जाता है। जलभराव में स्कूलों में पढ़ने जाने वाले छात्रों को निकलने में परेशानी होती है।'
-बालस्वरूप
'शहर का पहले ही देश के 10 प्रदूषित शहरों में तीसरा स्थान बना हुआ है। लोगों ने गलियों में भवन निर्माण सामग्री डाली हुई है। यह पूरे दिन वाहनों से उड़ती रहती है और प्रदूषण को बढ़ाती है। निगम को भवन निर्माण सामग्री को लेकर ढ़कने के लिए कहना चाहिए।'
-राजकुमार
'नगर निगम ने एक वर्ष पहले पाइप डालने के लिए सीमेंटेड सड़क को काटा था। इसके बाद निगम इसे बनाना भूल गया। अब यह गड्ढा चौड़ा और गहरा होता जा रहा है। कई बार वर्षा होने पर जलभराव हो जाता है। जलभराव में दो पहिया वाहन चालक अक्सर गिर कर चोटिल हो जाते हैं।'
-मनोज पांचाल
'मिल्क प्लांट रोड के आगे नाले में जलभराव होने पर अक्सर लोग गिर कर चोटिल हो जाते हैं। अब तो इस नाले को ढ़का जा रहा है। नाले की कभी सफाई नहीं की जाती। यहां पर पूरे दिन दुर्गंध आती रहती है। इसके कारण दुकान पर बैठना मुश्किल होता है।'
-अशोक कुमार
'आर्य नगर के अंदर से सफाईकर्मी कूड़े-कचरा को उठा कर ले जाने की बजाय खाली प्लाटों में डाल देते हैं। रात के अंधेरे में सफाईकर्मी ही आग लगा देते हैं। कचरा से निकलने वाला धुआं शहर के प्रदूषण को और बढ़ा देता है। निगम के अधिकारी कभी इस तरफ ध्यान नहीं देते।'
-भूपेश शर्मा
पार्षद कहिन-
मेरे वार्ड के विकास कार्यों की फाइल पास हो चुकी है। जल्दी ही कच्चे नाले को पक्का बनवा दिया जाएगा। ताकि पानी निकासी सुचारू रूप से हो सके। मिल्क प्लांट रोड को पाइप डालने के लिए जहां से काटा हुआ है, उसे देख कर सीमेंट-कंकरीट डलवा कर दोबारा तैयार करा दिया जाएगा।
जगह-जगह पर पड़े हुए कूड़े-कचरा को भी उठवा दिया जाएगा। मिल्क प्लांट रोड के सामने के खुले नाले को अब ढका जा रहा है। ताकि कोई इसमें गिर कर घायल न हो। एलिवेटेड रोड का निर्माण कार्य पूरा होने के बाद स्थानीय लोगों को आने-जाने के लिए नीचे से बेहतर कनेक्टिविटी मिल जाएगी। अब लोगों को ज्यादा समय तक परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।
-दीपक यादव, पार्षद नगर निगम वार्ड-42
यह भी पढ़ें- दिल्ली में PPP मॉडल पर चलेंगे MCD के 13 स्टेडियम, अस्पतालों में सस्ती होंगी MRI और CT स्कैन जांच
यह भी पढ़ें- दिल्ली में SIR के बीच CEO अशोक कुमार का जम्मू-कश्मीर तबादला, वोटर लिस्ट रिवीजन के बीच बड़ा फैसला
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।