विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Exclusive: फरीदाबाद में हत्या के आरोपितों की जमानत के लिए मुर्दे को बनाया जमानती, खुलासा होते ही बेल रद; FIR दर्ज

Published: Wed, 11 Nov 2026 04:40 PM (IST)

फरीदाबाद में हत्या के आरोपितों की जमानत के लिए एक मृत व्यक्ति को जमानती बनाया गया और दूसरे ने फर्जी ...और पढ़ें

न साल पहले मर चुके व्यक्ति को कागजों में जिंदा दिखाकर जमानती बनाने के मामले में अदालत का सख्त रूख। एआई इमेज

न साल पहले मर चुके व्यक्ति को कागजों में जिंदा दिखाकर जमानती बनाने के मामले में अदालत का सख्त रूख। एआई इमेज

HighLights

  1. मृत व्यक्ति को हत्या के आरोपित की जमानत के लिए जमानती बनाया।

  2. दूसरे आरोपित के जमानती ने फर्जी पहचान और दस्तावेज पेश किए।

  3. अदालत ने फर्जीवाड़ा उजागर होने पर दोनों आरोपितों की जमानत रद्द की।

हरेंद्र नागर, फरीदाबाद। हत्या के एक मामले में आरोपितों को जमानत दिलाने के लिए ऐसा फर्जीवाड़ा किया गया कि अदालत भी हैरान रह गई। एक आरोपित की जमानत के लिए तीन साल पहले मर चुके व्यक्ति को कागजों में जिंदा दिखाकर उसको जमानती बना दिया गया।

उसके नाम पर जमीन के दस्तावेज और जमानत बांड अदालत में पेश कर दिए गए। मामला उजागर होने के बाद अदालत ने आरोपित की जमानत रद कर दी और फर्जी जमानती बनने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए।

जमानतियों की तस्दीक में हुआ खुलासा

मामला थाना डबुआ में दर्ज हत्या के मुकदमे से जुड़ा है। इस मामले में आरोपित मनोज भगत और राजू मंडल को पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट से आठ अक्टूबर 2026 को जमानत मिली थी। जमानत की औपचारिकताएं पूरी करने के लिए अदालत में जमानती पेश किए गए थे। बाद में इन जमानतियों की पुलिस से तस्दीक कराई गई तो पूरा फर्जीवाड़ा सामने आ गया।

पहले मामले में मृत व्यक्ति को बना दिया जमानती

आरोपित मनोज भगत की जमानत के लिए विष्णु दत्त नाम के व्यक्ति को जमानती दिखाया गया था। दस्तावेजों में उसका पता गांव जुन्हेड़ा बताया गया और उसके नाम की जमाबंदी भी पेश की गई।

पुलिस ने जब गांव के सरपंच से इसकी पुष्टि कराई तो पता चला कि विष्णु दत्त की मृत्यु 9 जुलाई 2023 को ही हो चुकी थी। यानी जमानत के दस्तावेज दाखिल होने से करीब तीन साल पहले ही उसकी मौत हो गई थी। इसके बावजूद किसी व्यक्ति ने विष्णु दत्त बनकर अदालत में जमानती के दस्तावेज पेश कर दिए।

दूसरे आरोपित के जमानती ने भी अपनाई फर्जी पहचान

दूसरे आरोपित राजू मंडल की जमानत के लिए राम प्रताप नाम के व्यक्ति को जमानती बनाया गया था। पुलिस जांच में सामने आया कि दस्तावेजों में जिस वाहन का पंजीकरण दर्शाया गया, उसका वास्तविक मालिक कोई और था।

राम प्रसाद नाम के व्यक्ति ने राम प्रताप बनकर फर्जी आधार कार्ड और वाहन पंजीकरण प्रमाणपत्र के आधार पर जमानत कराई। पुलिस को राम प्रसाद के बारे में भी कोई ठोस जानकारी नहीं मिल सकी।

जमानत रद, फर्जीवाड़े पर मुकदमा दर्ज करने के आदेश

अदालत में आरोपितों की ओर से कहा गया कि जमानती बांड दाखिल किए जाने के समय वे न्यायिक हिरासत में थे। अदालत ने माना कि जेल से बाहर आने के बाद उन्हें यह जानकारी हो गई होगी कि उनकी जमानत किन लोगों के आधार पर हुई है। ऐसे में जमानत की शर्तों और प्रक्रिया में हुए फर्जीवाड़े को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।

फर्जीवाड़े में शामिल हर शख्स की होगी जांच

अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश सुरेंद्र कुमार की अदालत ने दोनों आरोपितों की जमानत रद कर दी और थाना सेंट्रल प्रभारी को फर्जीवाड़े के संबंध में मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दिए। इस मामले में मुकदमा दर्ज कर पुलिस अब इस पूरे फर्जीवाड़े में शामिल लोगों की पहचान और उनकी भूमिका की जांच कर रही है।

यह भी पढ़ें- फरीदाबाद में महिलाओं के विवाद में हस्तक्षेप करना पड़ा महंगा, युवक पर ईंट से हमला

यह भी पढ़ें- फरीदाबाद में मतदाता सूची पुनरीक्षण अधिकारी फील्ड में उतरकर करेंगे सत्यापन, तैयार हुई पूरी रूपरेखा

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।