Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    विजय प्रताप का राजनीतिक कद बढ़ा गया विपक्ष आपके समक्ष कार्यक्रम

    By JagranEdited By:
    Updated: Sun, 01 May 2022 08:58 PM (IST)

    प्रदेश कांग्रेस आलाकमान में बदलाव के बाद आयोजित पहले विपक्ष आपके समक्ष कार्यक्रम की सफलता ने संयोजक विजय प्रताप सिंह का राजनीतिक कद बढ़ाने का काम किया।

    Hero Image
    विजय प्रताप का राजनीतिक कद बढ़ा गया विपक्ष आपके समक्ष कार्यक्रम

    सुशील भाटिया, फरीदाबाद

    प्रदेश कांग्रेस आलाकमान में बदलाव के बाद आयोजित पहले विपक्ष आपके समक्ष कार्यक्रम की सफलता ने संयोजक विजय प्रताप सिंह का राजनीतिक कद बढ़ाने का काम किया। विजय प्रताप पूर्व कैबिनेट मंत्री महेंद्र प्रताप सिंह के पुत्र हैं और वर्ष 2019 के चुनाव में बड़खल विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस टिकट पर चुनाव लड़े थे, पर मात्र 4500 वोटों के अंतर से हारे थे चुनाव। यह उनका पहला चुनाव था। उनके पिता चौधरी महेंद्र प्रताप सिंह ने वर्ष 1977 में पहली बार चुनाव लड़ा था और उसके बाद 2014 तक नौ बार विधानसभा के चुनाव लड़े और इसमें पांच बार विजयी रहे थे, पर 2019 में उन्होंने अपनी राजनीतिक विरासत मझले पुत्र विजय प्रताप को सौंप दी थी। तब विजय प्रताप कांग्रेस टिकट पर भाजपा की उम्मीदवार सीमा त्रिखा के सामने पहली बार चुनाव लड़े थे। इस चुनाव में भले ही विजय प्रताप को शिकस्त खानी पड़ी थी, पर बेहद नजदीकी मुकाबले में विजय प्रताप छाप छोड़ने में सफल रहे थे। इस चुनाव के बाद 2020 में कोरोना आपदा का प्रवेश हो गया और राजनीतिक रूप से ज्यादा गतिविधियां नहीं हुई थी, पर विभिन्न मुद्दों पर एक सफल पैदल यात्रा निकाल कर भी उन्होंने छाप छोड़ी थी और अब जब पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने विजय प्रताप सिंह को बड़खल विधानसभा क्षेत्र में विपक्ष आपके समक्ष कार्यक्रम आयोजित करने की जिम्मेदारी सौंपी, तो यह उनके लिए बड़ी चुनौती थी। यह कार्यक्रम पहले 24 अप्रैल को था। जब यह जिम्मेदारी सौंपी गई थी, तब प्रदेश कांग्रेस की अध्यक्ष कुमारी सैलजा थी। जिले में कांग्रेस कई गुटों में बंटी हुई थी, संयोग से बाद में इस कार्यक्रम का तारीख बदल कर एक मई हो गई और इस बीच प्रदेश कांग्रेस में बदलाव हो गया। इधर नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष उदयभान के समक्ष भी यह पहला आयोजन होना था, इसलिए भी विजय प्रताप के समक्ष अपने आप को साबित करना था। नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष उदयभान पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा गुट के हैं और फरीदाबाद-पलवल संसदीय क्षेत्र से होडल-हसनपुर क्षेत्र से चार बार विधायक रहे हैं। उनके नेतृत्व में जिले में कांग्रेस नेता भी एकजुट हो गए। आयोजन में पलवल से पूर्व मंत्री करण दलाल, तिगांव से पूर्व विधायक ललित नागर व पृथला से पूर्व विधायक रघुबीर तेवतिया, विधायक नीरज शर्मा, फरीदाबाद विस क्षेत्र से लखन सिगला, बल्लभगढ़ से पूर्व विधायक योगेश शर्मा, पूर्व पार्षद जगन डागर व गिरीश भारद्वाज ने सक्रिय भूमिका निभाई और कार्यक्रम स्थल पर खूब भीड़ जुट गई। पूर्व मुख्यमंत्री, प्रदेशाध्यक्ष व राज्यसभा सदस्य दीपेंद्र हुड्डा ने अपने संबोधन में भारी भीड़ के साथ सफल आयोजन के लिए विजय प्रताप को बधाई देकर यह संकेत दे दिया कि बड़खल क्षेत्र से वो कांग्रेस के निर्विवादित बड़े नेता हैं और मौजूदा विधायक सीमा त्रिखा के समक्ष आने वाले समय में कठिन चुनौती पेश करेंगे।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें