विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भाजपा के चुनावी गणित का फिर साक्षी बनेगा सूरजकुंड, 27-28 नवंबर को राष्ट्रीय पदाधिकारियों की बैठक

Published: Mon, 23 Nov 2026 01:59 PM (IST)

अरावली की वादियों में स्थित सूरजकुंड भाजपा की राष्ट्रीय बैठकों और चुनावी रणनीति का अहम केंद्र रहा है। अब 27-28 नवंबर को राष्ट्रीय पदाधिकारियों की बैठक में 2027 के विधानसभा चुनावों की तैयारियों पर मंथन होगा।

विधानसभा चुनाव को लेकर सूरजकुंड जुटेंगे भाजपा दिग्गज। जागरण

विधानसभा चुनाव को लेकर सूरजकुंड जुटेंगे भाजपा दिग्गज। जागरण

HighLights

  1. सूरजकुंड भाजपा की राष्ट्रीय चुनावी रणनीति का अहम केंद्र।

  2. 27-28 नवंबर को 2027 विधानसभा चुनावों पर महत्वपूर्ण बैठक।

  3. पूर्व बैठकों ने भाजपा के चुनावी परिणामों को दिशा दी।

प्रवीन कौशिक, फरीदाबाद। अरावली की वादियों में बसा सूरजकुंड केवल पर्यटन और हस्तशिल्प मेले के लिए ही पहचान नहीं रखता, बल्कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सियासी रणनीति का भी अहम केंद्र रहा है। दिल्ली से नजदीकी और शांत वातावरण के चलते पार्टी ने कई बार राष्ट्रीय स्तर की महत्वपूर्ण बैठकों के लिए इसे चुना है।

यहां होने वाली बैठकों में संगठन की दिशा, राजनीतिक मुद्दों और आगामी चुनावों की तैयारियों पर मंथन होता रहा है। अब एक बार फिर 27 और 28 नवंबर को भाजपा के राष्ट्रीय पदाधिकारियों की बैठक सूरजकुंड में प्रस्तावित की गई है। आगामी वर्ष 2027 में उत्तर प्रदेश, पंजाब, उत्तराखंड, गोवा और मणिपुर सहित कई राज्यों में विधानसभा चुनाव होने हैं।

ऐसे में इस बैठक को संगठनात्मक तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। वैसे सूरजकुंड में पहले हुई बैठकों और उनके बाद सामने आए चुनावी परिणामों को देखें तो यह स्थान भाजपा के राष्ट्रीय संगठन के लिए महत्वपूर्ण बैठक स्थल रहा है।

2012 में यूपीए सरकार के खिलाफ आंदोलन का खाका

सूरजकुंड में भाजपा की बड़ी राष्ट्रीय बैठक सितंबर 2012 में हुई थी। 26 सितंबर को राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक और 27-28 सितंबर को राष्ट्रीय परिषद की बैठक आयोजित की गई थी। उस समय केंद्र में कांग्रेस नेतृत्व वाली यूपीए सरकार थी। कोयला आवंटन विवाद, महंगाई, डीजल की कीमतों में वृद्धि और खुदरा कारोबार में प्रत्यक्ष विदेशी निवेश जैसे मुद्दे राजनीतिक चर्चा के केंद्र में थे।

इस बैठक में भाजपा ने यूपीए सरकार के खिलाफ आंदोलन तेज करने और आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारी पर विचार किया था। गुजरात और हिमाचल प्रदेश के विधानसभा चुनाव भी सामने थे। इसके बाद दिसंबर 2012 में गुजरात में भाजपा ने नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में लगातार तीसरी बार सरकार बनाई, जबकि हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस ने सत्ता हासिल की। यानी सूरजकुंड की बैठक के बाद दोनों राज्यों में अलग-अलग चुनावी नतीजे सामने आए।

2014 में बनी मोदी सरकार

जून 2014 में लोकसभा चुनाव में भाजपा को पूर्ण बहुमत मिलने के बाद भी सूरजकुंड राष्ट्रीय राजनीति का केंद्र बना। 28 और 29 जून को यहां पार्टी के नवनिर्वाचित सांसदों के लिए दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें करीब 180 सांसदों ने हिस्सा लिया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी सांसदों को संबोधित किया।

2016 में पांच राज्यों के चुनाव पर मंथन

सूरजकुंड में 10 सितंबर 2016 को भाजपा के देशभर के संगठन मंत्रियों की महत्वपूर्ण बैठक हुई। इसका उद्देश्य अगले वर्ष होने वाले पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों की तैयारियों को गति देना था। उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, गोवा और मणिपुर चुनाव के लिए संगठन को सक्रिय करने और चुनावी रणनीति पर चर्चा हुई।

इसके बाद 2017 के चुनाव परिणामों में भाजपा ने उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में सरकार बनाई। गोवा और मणिपुर में भी गठबंधन और अन्य दलों के समर्थन से सरकार बनाने में सफल रही, जबकि पंजाब में कांग्रेस ने जीत दर्ज की। इस तरह पांच में से चार राज्यों में भाजपा की सरकार बनी।

यह भी पढ़ें- न लाइट, न गार्ड, शाम में लगता है नशेड़ियों का अड्डा; अब दिल्ली में अलीपुर के मिनी स्टेडियम की बदलेगी तस्वीर

यह भी पढ़ें- मानहानि मामले में यूट्यूबर ध्रुव राठी की बढ़ीं मुश्किलें, दिल्ली की अदालत ने जारी किया गैर-जमानती वारंट

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।