विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

न लाइट, न गार्ड, शाम में लगता है नशेड़ियों का अड्डा; अब दिल्ली में अलीपुर के मिनी स्टेडियम की बदलेगी तस्वीर

Published: Mon, 23 Nov 2026 01:45 PM (IST)

अलीपुर का मिनी स्टेडियम लंबे समय से बदहाली का शिकार है, जहा सुविधाओं की कमी और जर्जर स्थिति से युवा खेल गतिविधियों से वंचित हैं। 

अलीपुर के मिनी स्टेडियम को मिलेगी बदहाली से निजात। फाइल फोटो- जागरण

अलीपुर के मिनी स्टेडियम को मिलेगी बदहाली से निजात। फाइल फोटो- जागरण

HighLights

  1. अलीपुर मिनी स्टेडियम सुविधाओं के अभाव में बदहाल स्थिति में।

  2. महापौर के निरीक्षण के बाद सुधार और कायाकल्प की उम्मीद।

  3. जर्जर भवन गिराकर नया बनाने और इनडोर सुविधाएँ देने की योजना।

संजय कुमार, बाहरी दिल्ली। 30 हजार की आबादी वाले अलीपुर में युवाओं के लिए मिनी स्टेडियम तो है, लेकिन सुविधाएं नदारद हैं। स्टेडियम लंबे समय से बदहाल है। मैदान से लेकर बैठने की सीढ़ियां, भवन आदि जर्जर हैं। कहीं पोल टूटे हैं, तो कहीं ग्रिल क्षतिग्रस्त है।

यहां पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था तक नहीं है। सफाई का अभाव है। सुरक्षा गार्ड नहीं होने से असुरक्षा का वातावरण बना रहता है। यहां शाम ढलते ही नशेड़ियों का अड्डा बन जाता है। यहां स्टेडियम की बदहाली का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि यहां खेल गतिविधियों के लिए आने वाले बच्चों और युवाओं को बुनियादी सुविधाएं तक नहीं मिल पाती हैं।

कई साल पहले स्टेडियम बनने के बाद से ही इसकी स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यहां न तो मैदान की उचित देखरेख होती है और न ही खेल से जुड़ी अन्य सुविधाएं उपलब्ध हैं। यहां कुछ लड़कियां और कालेज के विद्यार्थी उत्साह से आते हैं। वालीबाल खेलने के लिए छात्राओं ने अपने स्तर पर नेट की व्यवस्था की है।

महापौर के निरीक्षण के बाद एक बार हुई सफाई

स्थानीय लोगों के अनुसार, महापौर ने गत बुधवार को स्टेडियम का निरीक्षण किया था। इस दौरान संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाओं में सुधार करने के निर्देश दिए थे। इसके बाद एक बार स्टेडियम में सफाई भी कराई गई, लेकिन यह पर्याप्त नहीं है।

यहां मैदान की मरम्मत, टूटी ग्रिल और सीढ़ियों को ठीक करने, लाइट लगाने तथा सुरक्षा गार्ड की व्यवस्था करने की जरूरत है। स्टेडियम की स्थिति सुधारने के लिए महापौर की ओर से प्रत्येक मंगलवार को निरीक्षण करने और विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करने की पहल की गई है। इससे उम्मीद बंधी है कि अब स्टेडियम की बदहाली दूर होगी।

'स्टेडियम की हालत वर्षों से खराब है। यहां सफाई, रोशनी और सुरक्षा जैसी बुनियादी सुविधाओं का अभाव है। मैदान और भवन की स्थिति भी ठीक नहीं है।'

- श्याम, स्थानीय निवासी

देखना है कि महापौर के निर्देशों और नियमित निरीक्षण की पहल के बाद अलीपुर के इस मिनी स्टेडियम की तस्वीर कब बदलती है। स्थानीय लोग चाहते हैं कि स्टेडियम को सुविधाजनक बनाया जाए।

- दक्ष, स्थानीय निवासी

स्टेडियम का कायाकल्प कर दिया जाएगा। इसके लिए इंजीनियर को एस्टीमेट बनाने को कहा गया है। जर्जर भवन को गिरा कर नया तैयार किया जाएगा। यहां इनडोर सुविधाओं का इंतजाम करेंगे, 80 प्रतिशत ओपन ग्राउंड रहेगा। साफ-सफाई से लेकर, हर व्यवस्था यहां सही होगी।

- प्रवेश वाही, महापौर दिल्ली

यह भी पढ़ें- दिल्ली में मंगोलपुरी से सुल्तानपुरी तक छापामारी, जुआ खेलते 12 लोगों को दबोचा

यह भी पढ़ें- दिल्ली में लापता हुए दो बच्चे सकुशल मिले, पुलिस ने ढाई साल के मासूम को कुछ घंटों में खोज निकाला

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।