शादियों की बुकिंग ने बिगाड़ा BJP का प्लान, सूरजकुंड के बजाय दिल्ली में होगी राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक
भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक सूरजकुंड के बजाय दिल्ली में होगी। 27 और 28 नवंबर को होने वाली यह बैठक सूरजकुंड में शादियों की बुकिंग के कारण स्थानांतरित की गई है।

सूरजकुंड के इसी होटल में भाजपा की बड़ी बैठक होनी थी। जागरण
HighLights
भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक सूरजकुंड से दिल्ली स्थानांतरित की गई।
सूरजकुंड में 27-28 नवंबर की तारीखों पर शादियों की बुकिंग थी।
पर्यटन निगम ने पर्याप्त जगह न होने का हवाला देकर मना किया।
प्रवीन कौशिक, फरीदाबाद। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सियासी रणनीति का अहम केंद्र रहे सूरजकुंड में इस बार राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक नहीं हो पाएगी। समय पर पर्यटन निगम को सूचना न देने की वजह से पार्टी ने ऐनवक्त पर कार्यक्रम स्थल बदल दिया है। इससे पहले 27 और 28 नवंबर को सूरजकुंड में यह बैठक होनी थी लेकिन शादियों की बुकिंग की वजह से यह बैठक दिल्ली में होगी।
दरअसल, दिल्ली से नजदीकी और शांत वातावरण के चलते पार्टी ने कई बार राष्ट्रीय स्तर की महत्वपूर्ण बैठकों के लिए इसे चुना है। यहां होने वाली बैठकों में संगठन की दिशा, राजनीतिक मुद्दों और आगामी चुनावों की तैयारियों पर मंथन होता रहा है। आगामी वर्ष 2027 में उत्तर प्रदेश, पंजाब, उत्तराखंड, गोवा और मणिपुर सहित कई राज्यों में विधानसभा चुनाव होने हैं।
वैसे सूरजकुंड में पहले हुई बैठकों और उनके बाद सामने आए चुनावी परिणामों को देखें तो यह स्थान भाजपा के राष्ट्रीय संगठन के लिए महत्वपूर्ण बैठक स्थल रहा है। पयर्टन निगम के सहायक महाप्रबंधक हरजिंद्र सिंह यादव ने बताया कि चंडीगढ़ से यहां बैठक की बुकिंग करने के लिए फोन आया था। जबकि यहां दोनाें तारीख पर शादियों की बुकिंग है। इसलिए पर्याप्त जगह न होने का हवाला देते हुए मना कर दिया गया है।