फरीदाबाद में फिर दिखा 8 फीट लंबा अजगर, सेक्टर-21सी में मचा हड़कंप; चार दिन में तीन मामलों से हड़कंप
फरीदाबाद के सेक्टर-21सी में आठ फुट लंबा अजगर मिलने से हड़कंप मच गया, जिसे वन विभाग ने रेस्क्यू कर जंगल ...और पढ़ें
HighLights
सेक्टर-21सी फरीदाबाद में आठ फुट लंबा अजगर मिला।
वन विभाग ने अजगर का सफल रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ा।
चार दिन में तीसरी घटना, रिहायशी इलाकों में वन्यजीवों की दस्तक।
निभा रजक, फरीदाबाद। शहर के रिहायशी इलाकों में वन्यजीवों की दस्तक लगातार लोगों की चिंता बढ़ा रही है। बुधवार को सेक्टर-21सी में करीब आठ फीट लंबा अजगर दिखाई देने से स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया।
इसकी सूचना तुरंत वन विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही विभाग की टीम मौके पर पहुंची और अजगर का रेस्क्यू शुरू किया। इससे पहले सोमवार और मंगलवार को भांकरी गांव के अलग-अलग मकान में अजगर मिले थे।
आबादी से दूर जंगल में जाकर छोड़ा
स्थानीय लोगों के अनुसार अजगर की लंबाई करीब आठ फीट थी। वन विभाग को फोन कर इसकी जानकारी दी गई। मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने एक घंटे की मशक्कत के बाद अजगर को सुरक्षित पकड़ लिया। इससे स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली। टीम अजगर को अपने साथ ले गई और आबादी से दूर जंगल के क्षेत्र में सुरक्षित छोड़ दिया।
आबादी की ओर बढ़ रहे वन्यजीव
शहर के आस-पास अरावली वन क्षेत्र और हरित क्षेत्रों से सटे रिहायशी इलाकों में वन्यजीव अक्सर दिखाई देते हैं। सोमवार और मंगलवार को भांकरी गांव में लगातार दो दिनों तक अजगर मिले थे। लोगों ने अपने स्तर पर रेस्क्यू कराकर जंगल में छोड़ा।
इससे पहले मेवला महाराजपुर, सेक्टर-81, आईएमटी चौक स्थित ट्रैफिक पुलिस बूथ, पल्ला पुल, ग्रीन फील्ड कालोनी और पाली गांव में अजगर मिल चुके हैं। रिहायशी क्षेत्रों में इस तरह से बढ़ रही वन्यजीवों की मिलने की सूचनाओं से लोगों के बीच डर का माहौल बना है।
"कई बार अरावली से सटे क्षेत्रों में वन्यजीव आ जाते हैं। वन्यजीवों के मिलने की सूचना विभाग को दें। रेस्क्यू कराकर उन्हें सुरक्षित वन क्षेत्र में छोड़ा जाएगा।"
-हंसराज, इंस्पेक्टर, वन्य एवं प्राणी विभाग।
यह भी पढ़ें- फरीदाबाद में गोवंश पकड़ने का अभियान तेज, अब तक 50 पशु गोशाला भेजे गए
यह भी पढ़ें- साइबर अपराध को लेकर एक्शन में फरीदाबाद पुलिस, अब विद्यार्थियों को किया जागरूक