फरीदाबाद में गोवंश पकड़ने का अभियान तेज, अब तक 50 पशु गोशाला भेजे गए
फरीदाबाद नगर निगम ने सड़कों से बेसहारा गोवंश को हटाने के लिए तीन दिवसीय अभियान चलाया, जिसमें 50 पशुओं को पकड़कर गोशाला भेजा गया।

फरीदाबाद में गोवंश पकड़ने का अभियान तेज ( एआई जेनरेटेड इमेज )
HighLights
नगर निगम ने तीन दिन में 50 गोवंश पकड़े।
सड़क दुर्घटनाओं के कारण बन रहे बेसहारा पशु।
अभियान में बाधा डालने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई।
दीपक पांडेय, फरीदाबाद। नगर निगम ने अभियान चलाते हुए पिछले तीन दिन में 50 गोवंश को पकडकर गोशाला भेजा। इसके साथ ही चार लोगों का चालान किया गया।
बता दें कि बेसहारा गोवंश की वजह से सड़कों पर लोग घायल हो रहे हैं। इसके साथ ही पिछले दो साल में सात लोगों की जान भी चली गई है।
बीपीटीपी पर गोवंश पकड़ने वाली टीम की रेकी करने वाले एक बाइक सवार का चालान किया गया। कुछ लोग अपनी बाइक की नंबर प्लेट पर मिट्टी लगाकर पशुओं को पकड़ने वाली नगर निगम की गाड़ी की रेकी करते हैं और कई बार पकड़ने वाली टीम के साथ झगड़ा भी करते हैं।
ऐसे लोगों के खिलाफ अब अभियान में टीम के साथ मौजूद पुलिस द्वारा सख्त कार्रवाई की जाएगी। अभियान के तहत नगर निगम की टीमें बल्लभगढ़, ओल्ड फरीदाबाद, तिगांव, एनआइटी और बड़खल में गोवंश को पकड़कर गोशाला भेजा गया।
शहर की तीन गोशाला में पशुओं को भेजा जाता है। जिसमें मवई, ऊंचा गांव और सूरजकुंड रोड स्थित गोशाला शामिल है।
यह भी पढ़ें- साइबर अपराध को लेकर एक्शन में फरीदाबाद पुलिस, अब विद्यार्थियों को किया जागरूक