पहलवान बिजेंद्र सिंह ने CM सैनी से की मुलाकात, नशा मुक्त भारत अभियान के तहत किए जा रहे प्रयासों से कराया अवगत
भिवानी के पहलवान बिजेंद्र सिंह जो नशा मुक्त भारत के लिए 100 शक्ति प्रदर्शन अभियान चला रहे हैं ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मुलाकात की। उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवन जीने के लिए प्रेरित करने के प्रयासों पर चर्चा की। मुख्यमंत्री ने इस पहल की सराहना की और इसे युवाओं को सकारात्मक दिशा देने वाला बताया।

जागरण संवाददाता, भिवानी। नशा मुक्त भारत के सपने को साकार करने के उद्देश्य से 100 शक्ति प्रदर्शन अभियान चला रहे विश्व रिकॉर्डधारी पहलवान और अखिल भारतीय युवा जनकल्याण संगठन के अध्यक्ष बिजेंद्र सिंह ने हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मुलाकात की। उन्होंने मुख्यमंत्री को अपने चल रहे अभियानों और नशा मुक्त समाज के निर्माण के लिए किए जा रहे प्रयासों के बारे में विस्तार से बताया।
पहलवान बिजेंद्र सिंह ने मुख्यमंत्री को बताया कि उनके अभियान का मुख्य लक्ष्य युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखना और उन्हें राष्ट्र और समाज के हित से जुड़े कार्यों से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि इन शक्ति प्रदर्शनों के माध्यम से वे युवाओं को नशे से दूर रहने के लाभ और देशी खान-पान को अपनाकर स्वस्थ जीवन जीने के फायदे बताते हैं।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पहलवान बिजेंद्र सिंह के इस नेक पहल की जमकर सराहना की। पहलवान बिजेंद्र सिंह का 100 शक्ति प्रदर्शन अभियान युवाओं को प्रेरणा देने का एक अनूठा तरीका है। वे अपने असाधारण शारीरिक बल का प्रदर्शन करके यह संदेश देते हैं कि स्वस्थ और अनुशासित जीवनशैली अपनाकर ही हम मजबूत बन सकते हैं। उनका यह प्रयास ना केवल युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित कर रहा है, बल्कि उन्हें एक स्वस्थ और सकारात्मक दिशा भी दिखा रहा है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।