कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष की चर्चाओं के बीच किरण चौधरी ने राव दान सिंह को बताया घोटालेबाज, जमकर बोला हमला
राज्यसभा सदस्य किरण चौधरी ने पूर्व विधायक राव दान सिंह को कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष बनाने की चर्चाओं पर कटाक्ष करते हुए उन्हें घोटालेबाज बताया। उन्होंने हरियाणा कांग्रेस के संगठन पर भी सवाल उठाए और कहा कि कांग्रेस जीरो थी और जीरो ही रहेगी। इनेलो नेता अभय चौटाला को मिली धमकी पर उन्होंने कहा कि सीएम अपराध व अपराधियों को लेकर सख्त हैं।

जागरण संवाददाता, भिवानी। राज्यसभा सदस्य किरण चौधरी ने पूर्व विधायक राव दान सिंह के कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष बनाए जाने की चर्चाओं के बीच इशारों ही इशारों में उन्हें घोटालेबाज और गैरजिम्मेदार नेता बताया। किरण चौधरी ने हरियाणा कांग्रेस के संगठन को लेकर कटाक्ष किए।
उन्होंने कहा कि इनकी डेडलाइन आती-जाती रहेंगी। कांग्रेस जीरो थी और जीरो रहेगी। उन्होंने यहां तक कहा कि अब तो लोगों ने भी कांग्रेस से कोई उम्मीद रखनी छोड़ दी है। वहीं, राव दानसिंह को कांग्रेस अध्यक्ष बनाए जाने की चर्चाओं पर हंसते हुए कटाक्ष किया कि जब घोटालेबाज अध्यक्ष बनेंगे तो रही सही कसर भी पूरी हो जाएगी।
वहीं, इनेलो नेता अभय चौटाला को मिली धमकी पर किरण चौधरी ने कहा कि सीएम अपराध व अपराधियों को लेकर सख्त हैं। दिग्विजय चौटाला द्वारा श्रुति चौधरी को चाय बिस्किट वाली मंत्री कहने पर पलटवार किया और कहा कि दिग्विजय के पास ना कोई पद ना कोई जिम्मेदारी।
दिग्विजय की तो सोशल मीडिया पर वकील होने की बात भी झूठी निकली थी। केन्द्रीय मंत्री राव इंद्रजीत के चर्चा में होने पर किरण चौधरी ने कहा कि चर्चाओं में रहना कोई गलत बात नहीं। राव इंद्रजीत को क्षेत्रीय दल में आने के दिग्विजय चौटाला के निमंत्रण पर किरण चौधरी ने कहा कि इस पर मंत्री आरती राव ने कल मुंहतोड़ जवाब दे दिया है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।