'पानी नहीं दिया तो हरियाणा में पंजाब वाली गाड़ियों की एंट्री बंद', INLD की मान सरकार को चेतावनी
पंजाब और हरियाणा के बीच भाखड़ा डैम के पानी को लेकर विवाद गहरा गया है। इनेलो ने चेतावनी दी है कि अगर 24 मई तक हरियाणा को पानी नहीं मिला तो 25 मई से पंजाब की गाड़ियां हरियाणा में नहीं घुसने दी जाएंगी। इनेलो जिला अध्यक्ष ने इसे हरियाणा के किसानों के जल अधिकारों का उल्लंघन बताया है।

जागरण संवाददाता, भिवानी। भाखड़ा डैम के पानी को लेकर पंजाब और हरियाणा के बीच विवाद एक बार फिर गहराता नजर आ रहा है। पंजाब के मुख्यमंत्री ने हरियाणा को पानी ना देने के फैसले के विरोध में इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ा प्रदर्शन करने का ऐलान किया है।
इनेलो ने चेतावनी दी है कि अगर 24 मई तक पंजाब सरकार ने हरियाणा को उसके हिस्सा का पानी नहीं दिया, तो 25 मई से पंजाब के नंबरों की गाड़ी हरियाणा में से रोकी जाएगी। यह बात इनेलो जिला अध्यक्ष अशोक ढ़ाणीमाहु ने चंडीगढ़ में इनेलो की प्रदेश स्तरीय मीटिंग में हुए फैसले के बाद भिवानी में कार्यकर्ताओं से बातचीत करते हुए कहीं।
'पंजाब वाली गाड़ियों की एंट्री बंद'
उन्होंने कहा कि पंजाब ने भाखड़ा डैम का पानी रोकने के बाद हरियाणा में बने संकट के समाधान को लेकर चंडीगढ़ में इनेलो की प्रदेश स्तरीय मीटिंग थी, जिसमें फैसला लिया गया कि 24 मई तक यदि पंजाब पानी नहीं देता है तो 25 मई को पंजाब-हरियाणा बार्डर पर स्थित डबवाली में हरियाणा में आने वाले पंजाब के नंबर प्लेट के वाहनों की एंट्री बंद करेंगे।
इनेलो जिला अध्यक्ष ने कहा कि इनेलो के इस प्रदर्शन में भिवानी जिला से भी कार्यकर्ता भी भारी तादात में भाग लेंगे। इनेलो जिला अध्यक्ष अशोक ढ़ाणीमाहु ने कहा कि पंजाब ने भाखड़ा डैम का पानी ना देना हरियाणा के किसानों और नागरिकों के जल अधिकारों का खुला उल्लंघन है।
'हरियाणा का हक छीन रहा पंजाब'
उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब सरकार राजनीतिक स्वार्थ के चलते हरियाणा का हक छीन रही है, जबकि सुप्रीम कोर्ट और भाखड़ा ब्यास मैनेजमेंट बोर्ड के फैसलों के अनुसार दोनों राज्यों को बराबरी से पानी मिलना चाहिए।
उन्होंने कहा कि यह सिर्फ राजनीतिक मुद्दा नहीं, बल्कि हरियाणा के किसानों के जीवन और खेती से जुड़ा मामला है। इस अवसर पर भिवानी हल्का प्रधान जितेंद्र मिनी गौरीपुर, बवानीखेड़ा हलका प्रधान कृष्ण मिताथल, शहरी प्रधान अनिल काठपालिया, रण सिंह श्योराण, राय सिंह ढ़ाबढ़ाणी, सूरजभान एसडीओ, जगराम साहब, हरकेश नागर, विजेंद्र दुहन, किसान सैल के जिला अध्यक्ष अजीत बड़ेसरा भी मौजूद रहे।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।