विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हरियाणा के चरखी दादरी में तीन नेशनल हाईवे पर अवैध पार्किंग बनी मुसीबत, हादसों को न्योता दे रहे अवैध रूप से खड़े ट्रक

Published: Thu, 26 Nov 2026 03:32 PM (IST)

चरखी दादरी के राष्ट्रीय राजमार्गों पर अवैध रूप से खड़े भारी वाहन हादसों का कारण बन रहे हैं, खासकर कोहरे में दृश्यता कम होने पर खतरा बढ़ जाता है। संबंधित विभागों की अनदेखी के बीच यातायात पुलिस ने ऐसे वाहनों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है।

पुलिसकर्मी से बात करते राहगीर (जागरण फोटो)

पुलिसकर्मी से बात करते राहगीर (जागरण फोटो)

HighLights

  1. राष्ट्रीय राजमार्गों पर अवैध पार्किंग से बढ़ रहे सड़क हादसे

  2. सर्दी में धुंध के कारण दुर्घटनाओं का खतरा अधिक

  3. यातायात पुलिस ने सख्त कार्रवाई की चेतावनी जारी की

जागरण संवाददाता, चरखी दादरी। जिले से गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्गों पर सड़क किनारे खड़े भारी वाहन राहगीरों के लिए परेशानी का सबब बने हुए हैं। नेशनल हाईवे 334बी, 152डी और 148बी पर कई स्थानों पर ट्रकों और अन्य भारी वाहनों की कतारें लगी रहती हैं। चालक अपने वाहनों को घंटों तक सड़क किनारे खड़ा रखते हैं। जो तेज रफ्तार से गुजरने वाले दूसरे वाहनों के लिए हादसों का खतरा बनते है। खासकर सर्दी के मौसम में धुंध के दौरान ये वाहन बड़े हादसे का कारण बन सकते हैं।

नियमों के अनुसार राष्ट्रीय राजमार्ग पर निर्धारित पार्किंग स्थल के अलावा वाहन खड़ा करना यातायात नियमों का उल्लंघन है। इसके बावजूद तीनों राष्ट्रीय राजमार्गों पर इस तरह की अवैध पार्किंग पर प्रभावी रोक नहीं लग पा रही है।

हैरानी की बात यह है कि एनएचआइ की ओर से भी इस समस्या के समाधान के लिए कोई ठोस कदम उठता नजर नहीं आ रहा। संबंधित विभागों की अनदेखी के चलते वाहन चालक मनमाने ढंग से सड़क किनारे ट्रक खड़े कर रहे हैं।

धुंध में बढ़ जाता है हादसों का खतरा

सर्दी के मौसम में सुबह और रात के समय धुंध छाने से दृश्यता काफी कम हो जाती है। ऐसे में सड़क किनारे खड़े ट्रक दूर से दिखाई नहीं देते। पीछे से तेज गति में आने वाले वाहन इनके पिछले हिस्से से टकरा सकते हैं।

कई बार सड़क किनारे खड़े भारी वाहनों के कारण दूसरे वाहन चालकों को अचानक अपना रास्ता बदलना पड़ता है, जिससे टक्कर होने की आशंका बनी रहती है। तीनों राष्ट्रीय राजमार्गों पर रोजाना बड़ी संख्या में छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं।

पुलिस ने दी सख्त कार्रवाई की चेतावनी

यातायात पुलिस प्रभारी देवेंद्र सिंह ने नेशनल हाईवे 152डी का जायजा लिया। इस दौरान हाईवे पर चार वाहन खड़े मिले। उन्होंने एनएचएआइ के एसडीओ से बातचीत कर सड़क किनारे वाहन खड़े होने की समस्या पर कार्रवाई करने को कहा।

उन्होंने स्पष्ट किया कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहन खड़ा करना नियमों की अवहेलना है। धुंध के दौरान इससे दुर्घटना का खतरा और बढ़ जाता है। हाईवे पर वाहन खड़ा मिला तो उसका चालान करने के साथ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें- भिवानी में ओवरलोड वाहनों पर पुलिस का शिकंजा, बिना रिफ्लेक्टर सड़क पर उतरे तो होगी कार्रवाई

यह भी पढ़ें- अंधेरे और झाड़ियों में गुम हुआ सोनबरसा अस्पताल! बोर्ड गायब होने से भटक रहे मरीज, रात में बढ़ जाती है मुसीबत

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।