अंधेरे और झाड़ियों में गुम हुआ सोनबरसा अस्पताल! बोर्ड गायब होने से भटक रहे मरीज, रात में बढ़ जाती है मुसीबत
सोनबरसा सीएचसी में रात के अंधेरे और खराब बोर्ड के कारण मरीजों को अस्पताल ढूंढने में परेशानी हो रही है। पेड़-झाड़ियों से छिपा बोर्ड और रोशनी की कमी से लोग भटक जाते हैं, जिससे समय पर इलाज में बाधा आती है।

झाड़ियों में गुम हुआ सोनबरसा अस्पताल(एआई जेनरेटेड तस्वीर)
HighLights
सोनबरसा सीएचसी का बोर्ड पेड़-झाड़ियों में छिपा हुआ है।
रात में सड़क पर रोशनी न होने से अस्पताल ढूंढना मुश्किल।
मरीज और परिजन रास्ता भटककर परेशान हो रहे हैं।
संवाद सहयोगी, सोनबरसा। रात का अंधेरा,सड़क किनारे रोशनी का अभाव और अस्पताल का पता बताने वाला बोर्ड भी नजरों से ओझल। ऐसे में मरीज लेकर सोनबरसा सीएचसी पहुंचने वाले लोग आखिर अस्पताल का रास्ता कैसे ढूंढ़ें ?,
स्थिति यह है कि कई मरीज और उनके परिजन रास्ता भटककर दूसरी जगह भी चले जाते हैं। दिन में जब अस्पताल का बोर्ड पेड़-झाड़ियों के पीछे छिपा होने से स्पष्ट दिखाई नहीं देता, तो रात में बिना रोशनी के अस्पताल की पहचान करना और भी मुश्किल हो जाता है।
थाना का बड़ा बोर्ड दूर से ही देता है दिखाई
सोनबरसा थाना और प्रखंड कार्यालय के बीच स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) का परिसर काफी दूर तक फैला है। इस मार्ग से रोजाना बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही होती है, लेकिन मुख्य सड़क से अस्पताल की पहचान करना आसान नहीं है।
थाना का बड़ा बोर्ड दूर से ही दिखाई देता है, जबकि अस्पताल का बोर्ड पेड़-झाड़ियों के पीछे छिपा होने के कारण लोगों की नजर उस पर नहीं पड़ती। बोर्ड के पास पहुंचने पर भी उस पर लिखे शब्दों को पढ़ना मुश्किल होता है।
रात में बढ़ जाती है परेशानी
रात के समय सड़क किनारे पर्याप्त रोशनी नहीं होने से परेशानी और बढ़ जाती है। अनजान ग्रामीणों, महिलाओं, बुजुर्गों और आपात स्थिति में मरीज लेकर पहुंचने वाले परिजनों को अस्पताल खोजने के लिए दूसरों से रास्ता पूछना पड़ता है। इस दौरान मरीज को समय पर अस्पताल पहुंचाने में भी परेशानी हो सकती है।
स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन से सवाल
जब अस्पताल तक पहुंचना आम लोगों की बुनियादी जरूरत है, तो उसके मुख्य द्वार की पहचान इतनी मुश्किल क्यों है ?,स्वास्थ्य विभाग और स्थानीय प्रशासन को इस समस्या पर गंभीरता से ध्यान देने की जरूरत है।
अस्पताल के प्रवेश मार्ग पर बड़ा और स्पष्ट संकेतक बोर्ड लगाने, पेड़-झाड़ियों की सफाई कराने तथा सड़क किनारे पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करने से मरीजों और उनके परिजनों को भटकने से राहत मिल सकती है।
यह भी पढ़ें- सोनबरसा में कब्रिस्तान के पास छिपाकर रखी थी 2400 बोतल नेपाली शराब, पुलिस ने छापामारी कर 4 तस्करों को दबोचा
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।