भिवानी में ओवरलोड वाहनों पर पुलिस का शिकंजा, बिना रिफ्लेक्टर सड़क पर उतरे तो होगी कार्रवाई
भिवानी पुलिस सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए ओवरलोड वाहनों और बिना रिफ्लेक्टर वाले वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान चलाएगी। क्षमता से अधिक सामान ढोने वाले और सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों पर मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी।

भिवानी में ओवरलोड वाहनों पर पुलिस का शिकंजा (File Photo)
HighLights
पुलिस ओवरलोड वाहनों और बिना रिफ्लेक्टर वाले वाहनों पर अभियान चलाएगी
क्षमता से अधिक सामान ढोने वाले वाहनों पर सख्त कार्रवाई होगी
नियम उल्लंघन पर मोटर वाहन अधिनियम के तहत वाहन जब्त भी होंगे
जागरण संवाददाता, भिवानी। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने के लिए पुलिस ओवरलोड वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान चलाएगी। निर्धारित क्षमता से अधिक सामान भरकर चलने वाले तथा वाहनों की तय ऊंचाई और चौड़ाई से बाहर सामान लादने वाले चालकों पर पुलिस कार्रवाई करेगी।
इसके साथ ही बिना रिफ्लेक्टर टेप, रिफ्लेक्टर लाइट और पार्किंग लाइट के सड़क पर दौड़ने वाले वाहनों को भी अभियान के दायरे में लिया जाएगा। पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा ने जिला पुलिस और यातायात पुलिस को इस संबंध में विशेष निर्देश जारी किए हैं।
वाहन की निर्धारित सीमा जरूरी
उन्होंने कहा कि कई वाहन चालक ट्रैक्टर-ट्रालियों और अन्य वाहनों में क्षमता से अधिक सामान भरकर सड़क पर चलते हैं। कई बार सामान वाहन की निर्धारित सीमा से भी बाहर निकला होता है।
इससे सड़क पर दूसरे वाहनों के लिए आवागमन मुश्किल हो जाता है और दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है। एसपी ने विशेष रूप से रात के समय बिना रिफ्लेक्टर और पार्किंग लाइट के चलने वाले वाहनों को खतरनाक बताया।
जरूरत पड़ी तो वाहन होंगे इंपाउंड
ऐसे वाहन दूर से दिखाई नहीं देते, जिससे पीछे या आसपास से आने वाले वाहन चालकों को समय पर उनकी मौजूदगी का पता नहीं चल पाता। इससे गंभीर सड़क हादसों का खतरा बना रहता है।
उन्होंने निर्देश दिए कि अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कानूनी कार्रवाई की जाए। जरूरत पड़ने पर ऐसे वाहनों को इंपाउंड भी किया जाएगा।
यह भी पढ़ें- हरियाणा: भिवानी के घंटाघर चौक पर दो दुकानों की दीवार तोड़कर लाखों की चोरी, नोटों की मालाएं ले उड़े चोर
यह भी पढ़ें- हरियाणा: सौरा डिस्ट्रीब्यूटरी की 84 नंबर बुर्जी के पास रिसाव, 30 एकड़ गेहूं सरसों की फसल में भरा पानी