हरियाणा: भिवानी के घंटाघर चौक पर दो दुकानों की दीवार तोड़कर लाखों की चोरी, नोटों की मालाएं ले उड़े चोर
भिवानी के घंटाघर चौक पर चोरों ने दो दुकानों की पिछली दीवार तोड़कर लाखों रुपये की नोटों की मालाएं और अन्य सामान चुरा लिया। यह इन दुकानों में दूसरी चोरी है, जिससे व्यापारियों में भारी रोष है और वे पुलिस से जल्द कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
-1795685990702_m.webp)
चोरी के बाद जांच करती पुलिस (जागरण फोटो)
HighLights
चोरों ने घंटाघर चौक की दो दुकानों में सेंध लगाई
दुकानों की पिछली दीवार तोड़कर लाखों का सामान चुराया गया
व्यापारियों में रोष, पुलिस से गश्त बढ़ाने की मांग
जागरण संवाददाता, भिवानी। शहर के सबसे व्यस्त और प्रमुख बाजार घंटाघर चौक पर चोरों ने एक बार फिर व्यापारियों की सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देते हुए दो दुकानों को निशाना बनाया।
बुधवार देर रात चोर दुकानों के पीछे की दीवार तोड़कर अंदर घुसे और लाखों रुपये की नोटों की मालाएं व अन्य सामान चोरी कर फरार हो गए। वारदात की सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि जिन दुकानों में चोरी हुई है, उनमें पहले भी चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं।
पिछली वारदात के बाद दुकानदारों ने शटर मजबूत करवाए और अतिरिक्त लाक के साथ लोहे की राड भी लगवाई थी, लेकिन चोरों ने इस बार दीवार तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दे दिया। लगातार दूसरी बार निशाना बनाए जाने से दुकानदारों में दहशत और व्यापारियों में भारी रोष है।
बुधवार देर रात चोरों ने घंटाघर चौक स्थित संजय ट्रेडिंग कंपनी सहित दो दुकानों में सेंध लगाई। चोर दुकानों के पीछे की तरफ से दीवार तोड़कर अंदर दाखिल हुए। इसके बाद वहां रखी शादी-विवाह में इस्तेमाल होने वाली नोटों की मालाएं और अन्य सामान समेटकर ले गए। सुबह दुकानदारों को चोरी की जानकारी मिली तो उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। दुकानदारों के अनुसार चोरी से उन्हें लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।
शटर मजबूत किए तो दीवार तोड़कर घुसे चोर
दुकानदार राहुल बंसल ने बताया कि उनकी दुकान में पहले भी चोरी हो चुकी है। पिछली घटना के बाद उन्होंने दुकान के शटर को मजबूत करवाया था। सुरक्षा के लिए अतिरिक्त ताले और लोहे की राड भी लगवाई गई थी।
इसके बावजूद चोरों ने इस बार दूसरा रास्ता अपनाया और पीछे की दीवार तोड़कर दुकान में प्रवेश कर लिया। उन्होंने बताया कि चोर दुकान में घुसते ही सबसे पहले सीसीटीवी कैमरों को घुमा गए, ताकि उनकी गतिविधियां कैमरे में कैद न हो सकें। हालांकि एक कैमरे में एक संदिग्ध का चेहरा कुछ हद तक दिखाई देने की बात सामने आई है। उन्होंने पुलिस से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी हुआ सामान बरामद करवाने की मांग की।
फिंगरप्रिंट विशेषज्ञों ने जुटाए साक्ष्य
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और डीएसपी मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और जांच शुरू की। फिंगरप्रिंट विशेषज्ञों को भी मौके पर बुलाया गया, जिन्होंने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य एकत्रित किए। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर भी संदिग्धों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
पहली वारदात का खुलासा नहीं, दूसरी चोरी से व्यापारियों में नाराजगी
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को लेकर नगर व्यापार मंडल के अध्यक्ष भानु प्रकाश ने पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि घंटाघर चौक शहर का प्रमुख व्यापारिक केंद्र है। यहां बार-बार चोरी होना पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। पहले हुई चोरी का मामला अभी तक नहीं सुलझा और अब उसी क्षेत्र में दोबारा वारदात हो गई।
उन्होंने कहा कि पुलिस को चालान काटने के साथ-साथ शहर में चोरी और अन्य अपराधों पर अंकुश लगाने पर भी गंभीरता से काम करना चाहिए। व्यापारी नेता जेपी कौशिक ने चेतावनी दी कि यदि पुलिस ने जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी हुआ सामान बरामद नहीं करवाया तो व्यापारी बाजार बंद करवाने के साथ धरना-प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।
व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन से बाजारों में गश्त बढ़ाने और दुकानदारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की भी मांग की है। अब पुलिस के सामने आरोपितों की पहचान कर वारदात का खुलासा करना चुनौती है।
पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। फिंगरप्रिंट विशेषज्ञों की टीम ने भी मौके से साक्ष्य एकत्रित किए हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। संदिग्धों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। चोरी की वारदात का जल्द खुलासा किया जाएगा। -महेश कुमार, डीएसपी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।