हरियाणा: सौरा डिस्ट्रीब्यूटरी की 84 नंबर बुर्जी के पास रिसाव, 30 एकड़ गेहूं सरसों की फसल में भरा पानी
सौरा डिस्ट्रीब्यूटरी में रिसाव के कारण ढिगावामंडी के पास 25-30 एकड़ गेहूं और सरसों की फसल में पानी भर गया, जिससे 10-15 किसानों को भारी नुकसान हुआ है।
-1795685257634_m.webp)
हरियाणा: सौरा डिस्ट्रीब्यूटरी की 84 नंबर बुर्जी के पास रिसाव (जागरण फोटो)
HighLights
सौरा डिस्ट्रीब्यूटरी रिसाव से 30 एकड़ फसल में पानी भरा
गेहूं और सरसों की फसल को भारी नुकसान हुआ
किसानों ने तत्काल मुआवजे और पानी निकासी की मांग की
संवाद सूत्र, ढिगावामंडी। सौरा डिस्ट्रीब्यूटरी की 84 नंबर बुर्जी के पास रिसाव होकर खेतों में पानी भरने से 25 से 30 एकड़ गेहूं और सरसों की फसल में पानी भर गया। इससे 10 से 15 किसानों की फसलों में नुकसान हो गया।
युवा किसान नेता संदीप श्योराण खरकड़ी ने सरकार और संबंधित विभाग से मांग की है कि प्रभावित खेतों का जल्द निरीक्षण करवाकर नुकसान का सही आकलन किया जाए और जिन किसानों की फसल बर्बाद हुई है, उन्हें उचित मुआवजा दिया जाए।
उन्होंने कहा कि पानी का बहाव लगातार जारी रहने से नुकसान बढ़ने की आशंका है। इसलिए विभाग को तुरंत प्रभाव से पानी की निकासी और समस्या के समाधान के लिए कदम उठाने चाहिए। पूर्व विधायक चौ. सोमवीर सिंह ने कहा कि किसानों की फसल बर्बाद होना बेहद चिंताजनक है।
भाजपा सरकार को किसान हितों को प्राथमिकता देते हुए प्रभावित किसानों को तत्काल उचित मुआवजा देना चाहिए। सरकार बिना देरी किए खेतों की गिरदावरी करवाए और नुकसान की भरपाई सुनिश्चित करे। किसान पहले ही महंगाई और खेती की बढ़ती लागत से परेशान हैं, ऐसे में उन्हें उनके हाल पर नहीं छोड़ा जाना चाहिए।
युवा नेता वीरेंद्र मान ने कहा कि नहर का पानी खेतों में भरने से किसानों की गेहूं और सरसों की फसल को भारी नुकसान हुआ है। प्रशासन जल्द पानी की निकासी करवाकर किसानों को राहत प्रदान करे।
प्रभावित किसानों में सुरेश, दिलबाग, संजय, जोगिंदर, राजवीर, राजपाल और रतन सिंह सहित अन्य किसान शामिल हैं। संदीप श्योराण व अन्य किसानों ने प्रशासन से जल्द गिरदावरी करवाकर आर्थिक राहत देने की मांग की है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।