विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 19, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Bhiwani Case: आरोपी का खुलासा- पिटाई के बाद जुनैद और नासिर को ले गए थे थाने, मरता देख बीच में नहीं पड़ी पुलिस

By Jagran NewsEdited By: Mahen Khanna
Published: Sun, 19 Feb 2023 04:11 AM (IST)Updated: Sun, 19 Feb 2023 07:43 AM (IST)

Bhiwani Murder Case आरोपी ने बताया कि पुलिस ने थाने से भगा दिया था जिसके बाद रास्ते में जुनैद और ...और पढ़ें

Bhiwani Murder Case गोरक्षक रिंकू सैनी ने चौंकाने वाली जानकारी दी है।
Bhiwani Murder Case गोरक्षक रिंकू सैनी ने चौंकाने वाली जानकारी दी है।

जेएनएन, नूंह। राजस्थान सीमा से सटे हरियाणा के लोहारू में बोलेरो गाड़ी में दो मुस्लिम युवकों के मृत मिलने के मामले में बड़ा पर्दाफाश हुआ है। सूत्रों के मुताबिक, इस मामले में गिरफ्तार गोरक्षक रिंकू सैनी ने चौंकाने वाली जानकारी दी है। पूछताछ में उसने माना है कि बुरी तरह पिटाई करने के बाद वे लोग दोनों युवकों को लेकर पहले फिरोजपुर झिरका थाने गए थे।

हालत देखकर पुलिसकर्मियों ने भगाया

आरोपित चाहते थे कि पुलिस गो तस्करी के आरोप में दोनों को गिरफ्तार करे, लेकिन उनकी हालत देखकर पुलिसकर्मियों ने उन्हें भगा दिया। कुछ देर बाद दोनों की मौत हो गई। इससे आरोपित घबरा गए। उन्होंने बोलेरो गाड़ी में दोनों के शवों को रखा और 200 किलोमीटर दूर लोहारू ले गए। वहां शवों को गाड़ी में रखकर पेट्रोल से आग लगा दी।

रिंकू सैनी को अदालत ने पांच दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा

भरतपुर जिले के घाटमीका गांव के नासिर (25) और जुनैद उर्फ जूना (35) की मौत के मामले में राजस्थान पुलिस ने बजरंग दल से जुड़े पांच लोगों मोनू मानेसर, रिंकू सैनी, अनिल, श्रीकांत पंडित और लोकेश सिंगला को नामजद किया है। इनमें मोनू वारदात में शामिल नहीं था, लेकिन दूर से ही आरोपितों की मदद कर रहा था। पुलिस की गिरफ्त में आए रिंकू सैनी को अदालत ने पांच दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। एक दिन पहले पीड़ित परिवार के लोगों ने भी आरोप लगाया था कि पिटाई के बाद आरोपित जुनैद व नासिर को फिरोजपुर झिरका थाने ले गए थे, लेकिन पुलिस ने इन्हें बचाने के लिए कुछ नहीं किया। फिरोजपुर झिरका पुलिस इससे इन्कार कर रही है।

राजस्थान पुलिस की पिटाई से आरोपित की पत्नी को गर्भपात

राजस्थान के भरतपुर जिले के जुनैद और नासिर की मौत मामले में नामजद श्रीकांत पंडित की पत्नी के साथ राजस्थान पुलिस ने मारपीट की, जिससे उसे गर्भपात हो गया। नगीना थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।नगीना थाने के गांव मरोड़ा निवासी श्रीकांत की मां दुलारी ने इस आशय की शिकायत दी है। उन्होंने बताया कि राजस्थान पुलिस ने घर पर आकर श्रीकांत के बारे में पूछा, लेकिन वह घर पर नहीं था। पुलिसकर्मी गाली-गलौज करने लगे। उन्होंने श्रीकांत की पत्नी कमलेश के साथ मारपीट शुरू कर दी।

गंभीर रूप से घायल हालत में उसे जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डाक्टरों ने मेडिकल कालेज नलहड़ के लिए रेफर कर दिया। वहां गर्भस्थ शिशु की मौत हो गई। दुलारी ने आरोप लगाया कि पुलिस उनके दो बेटों विष्णु और राहुल को अपने साथ ले गई। उनसे अभी तक कोई संपर्क नहीं हो पाया है। नगीना थाना प्रभारी राजबीर ने बताया कि 16 फरवरी को राजस्थान पुलिस श्रीकांत के घर गई थी, लेकिन मारपीट की शिकायत शनिवार शाम को आई है।